त्रिदेव सम्मेलन से ठगे कार्यकर्ता

By: Oct 18th, 2019 12:20 am

कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण ने भाजपा पर साधा निशाना, नेता भी लपेटे

धर्मशाला – कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण ने गुरुवार को विस क्षेत्र की करीब आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं की। इस दौरान उन्होंने पिछले दिनों भाजपा के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की ओर से की गई बयानबाजी को मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार कह रहे हैं कि धर्मशाला में दूसरी राजधानी की आवश्यक्ता नहीं है। जबकि उनके बयान से परे भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल कह रहे हैं कि उन्होंने सचिवालय बनाए और मंत्री बैठाते थे, लेकिन जयराम सरकार में शीतकालीन सत्र क्यों नहीं हुआ और मंत्री क्यों नहीं बैठ रहे इस बात का उन्हें पता नहीं है। ऐसे में भाजपा के तीनों वरिष्ठ नेताओं के अलग-अलग बयानों से स्पष्ट हो रहा है, भाजपा बुरी तरह से बिखरी हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण व धर्मशाला उपचुनाव के कांग्रेस के मीडिया  प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता दीपक शर्मा ने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को भी धोखा दिया है। त्रिदेव, बूथ पालक, आदि-आदि नाम देकर कार्यकर्ताओं को ठगा गया। मौजूदा समय में सरकार में ऐसे कार्यकर्ताओं की कोई पूछ नहीं हो रही है। ऐसे में कोई भी काम न होने से भाजपा कार्यकर्ता ठगा सा महसूस कर रहे हंै। उन्होंने कहा कि जिन त्रिदेव सम्मेलनों के नाम पर भाजपा ने जीत हासिल की थी आज वही आम कार्यकर्ता खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है। सत्ता में आने के बाद अब इनकी कोई पूछ नहीं है। ये सब कार्यकर्ता अपनी अनदेखी से परेशान हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में अब यही कार्यकर्ता भाजपा को सबक सिखाएंगे और हार की इबारत लिखेंगे। दीपक शर्मा ने कहा कि जिस तरह से इन कार्यकर्ताओं को ठगा गया आज वही कार्यकर्ता भाजपा के विरुद्ध मुखर हो चुके हैं। जयराम सरकार से नाराज कार्यकर्ता भाजपा को हराने के लिए बेताब है। पार्टी प्रवक्ता ने दावा किया कि कांग्रेस उम्मीदवार विजय इंद्र कर्ण धर्मशाला के वोटर की पहली पसंद बन रहे हैं और जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मशाला-कांगड़ा विरोधी है इसी लिए विकास के मामले ठप पड़े हैं। धर्मशाला को दूसरी राजधानी का दर्जा देने का भाजपा विरोध करती है। प्रबुद्ध मतदाता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार हैं और दोनों उपचुनाव में हरा कर सबक सिखाएगी।  


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App