दिवाली घर पर ही मनाएंगे जेपी नड्डा

By: Oct 28th, 2019 12:03 am

बिलासपुर— हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद अपने व्यस्त शेड्यूल के बावजूद भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दिवाली घर पर मनाएंगे। उनका दो दिवसीय बिलासपुर दौरा फाइनल हो गया है और वह रविवार शाम बिलासपुर पहुंच जाएंगे, जहां से वह सीधे विजयपुर पहुंचेंगे और 29 अक्तूबर को वापस दिल्ली जाएंगे। भाजपा के जिला सचिव स्वदेश ठाकुर ने बताया कि जेपी नड्डा दिवाली पर्व पर अपने घर आ रहे हैं। दिवाली पर्व की खुशियां अपने परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ मनाएंगे। इस दौरान वह अपने परिवार के साथ मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना करेंगे। उन्होंने बताया कि 28 अक्तूबर को नड्डा पूरा दिन घर पर ही रहेंगे और कार्यकर्ताओं व आमजन से मिलेंगे। इस दौरान वह लोगों व कार्यकर्ताओं के साथ खुशियां मनाएंगे और मिठाइयां खिलाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा करेंगे। उल्लेखनीय है कि कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद दूसरी बार नड्डा बिलासपुर आ रहे हैं। महाराष्ट्र व हरियाणा विधानसभा चुनाव के चलते वह व्यस्त चल रहे थे। महाराष्ट्र चुनाव में उन्होंने संकल्प पत्र जारी करने के बाद लगातार वहां विधानसभा क्षेत्रों में जाकर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App