देवधुनों से देवमय हुई देवभूमि

By: Oct 14th, 2019 12:22 am

22 सौ बजंतरियों ने लिया देवधुनों में हिस्सा, दशहरा उत्सव में पहली बार हुआ इतना बड़ा आयोजन

कुल्लू – विश्व के सबसे बड़े देव समागम  अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव कुल्लू में  पहली बार एक साथ जिला कुल्लू के विभिन्न कोने से आए देवी-देवताओं की देवधुनें एक साथ बजीं। हालांकि देवी-देवता अपने-अपने अस्थायी शिविरों में विराजमान थे, लेकिन उनके बजंतरियों ने एक जगह एकत्रित होकर जब दशहरा उत्सव के छठे दिन देवसदन के आगे ऐतिहासिक रथ मैदान में देवधुनों को छोड़ा तो माहौल देवमय हो गया। लगभग एक घंटे तक देवधुनें बजती रहीं। देवधुनों के साक्षी मुख्यमंत्री सहित देश-दुनिया से आए लोग बने। विश्व के सबसे बड़े देव समागम  अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में हुई महानाटी के बाद इस बार विश्व शांति के लिए भव्य देवधुनें बजाई गइर्ं। वेद ध्वनि का उच्चारण हुआ। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में देवी-देवताओं संग आए 2200 के करीब बजंतरियों ने एक साथ अपने-अपने देवी-देवताओं और भगवान रघुनाथ के सान्निध्य में तपस्या में लीन होकर देवधुनों को बजाया। इस देवधुन के आयोजन के लिए कारदार संघ, बजंतरी व गूर संघ का भी अहम योगदान रहा। सभी बजंतरी एक जैसे परिधान में नजर आए। बता दें कि कुल्लू दशहरा उत्सव 1661 के बाद शुरू हुआ। दशहरा उत्सव के इतिहास में इस बार एक नया अध्याय जुड़ गया। सफेद कुर्ता और पायजामा और कुल्लवी टोपी, जैकेट पहनकर बजंतरियां ने देवधुन कार्यक्रम में हिस्सा लिया और ढोल, नगाड़ों, नरसिंगों, करनाल और शहनाइयों से देवधुनें छोड़कर देवभूमि कुल्लू को गुंजायमान किया। वहीं, शंख ध्वनियों के साथ पुजारियों ने मंत्रोच्चारण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री दीप प्रज्वलित कर इस कार्यक्रम का आगाज किया। बता दें कि शहनाई वादकों ने शहनाई में देवगीत झूणा-मुणा केरदी महामाई के अलावा ठारा करडू और कारदारा गीत आदि देवी-देवताओं से जुडे़ गीतों को प्रस्तुत किया। इसके बाद ठीक पौने घंटे बाद देवधुनों में आरती प्रस्तुत कर देवधुनों को विराम दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सुझाव था कि दशहरा उत्सव में कुछ नया खास हो। उन्होंने बताया कि यहां के प्रशासन और देवसमाज के लोगों ने सुझाव पर कार्य करते हुए आज एक सफल आयोज किया है, जो  इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड में स्थान हासिल कर चुका है। यह जिला कुल्लू ही नहीं, बल्कि देवभूमि हिमाचल की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय कदम रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दशहरा उत्सव में देवधुनों का स्वरूप और बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि भले ही पहल प्रयास में यह काफी सफल आयोजन रहा है, लेकिन इसमें जो कमियां इस बार दिखीं, उसे अगले दशहरा उत्सव में पूरा किया जाएगा।        

कार्यक्रम में इन्होंने भरी हाजिरी

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय दशहरा कमेटी के अध्यक्ष एवं परिवहन, वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा, कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री राम सिंह, उपायुक्त कुल्लू डा. रिचा वर्मा, एसपी कुल्लू गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपास्थित रहे।

दशहरा उत्सव के छठे दिन की झलकियां
देव धुन कार्यक्रम हुआ इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड में शामिल
22 सौ बजंतरियों ने एक साथ बजाए ढोल, नगाड़ें, करनाल व शहनाइयां
मुख्यमंत्री ने ऐच्छिक निधि से की पांच लाख की घोषणा
देव धुन आयोजन के बाद मुख्यमंत्री ने पहली बार आयोजन में रही कमी को लेकर दिए सुझाव
मुख्यमंत्री बोले, अगले दशहरे को और भी बेहतर से आकर्षण का केंद्र बने देव धुन, दशहरा देखने आने वाले लोग रहे यहां भारी संख्या में हो उपस्थित, बैठने के लिए भी बने उचित व्यवस्था
बुजुर्ग शहनाई वादकों ने भी लिया देव धुन आयोजन में भाग
मौहल पहुंचने पर एपीएमसी के मुख्य सलाहकार रमेश शर्मा ने किया जोरदार मुख्यमंत्री का स्वागत
कारदार संघ ने कुल्लू पहुंचने पर किया मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत
कारदार संघ को दी बेहतर आयोजन के लिए मुख्यमंत्री व मंत्री ने बधाई
मुख्यमंत्री ने किए यहां करोड़ों के उद्घाटन व शिलान्यास
अटल की प्रतिभा का भी किया शिलान्यास
मोहल्ले के चलते दशहरे के छटे दिन देवी-देवताओं ने ली भगवान रघुनाथ जी के अस्थायी शिविर में पहुंच कर शक्तियां अर्जित
छठे दिन भारी संख्या में उमड़ी लोगों की भीड़, व्यापारियों का कारोबार भी रहा बेहतर
देव मिलन देख यहां भावुक हुए लोग
देवताओं के दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब
सांस्कृतिक संध्या में लिया मुख्यमंत्री ने भाग, बालीवुड कलाकार सोनू निगम के गीतों को सुनने का उठाया आनंद


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App