द्रंग में नारे लगा मनाया जश्न

By: Oct 1st, 2019 12:20 am

धारा 370 हटाए जाने पर निकाली रैली, विधायक जवाहर ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश

कटोला –द्रंग मंडल भाजपा ने धारा 370 हटाए जाने पर कटौला बाजार में जश्न रैली निकाली। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के उद्घोष लगाए। विजय जश्न रैली में दो सौ से अधिक कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक जवाहर ठाकुर और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद राजवली ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान मंडल कार्यकारिणी की विशेष बैठक का आयोजन भी किया गया। जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर ने की। बैठक को संबोधित करते हुए जवाहर ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर जहां केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरी बार प्रधानमंत्री का पद संभाला है। वहीं प्रदेश में भी भाजपा सरकार सत्ता में काबिज हुई है। कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए राष्ट्रहित और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए जन-जन को पार्टी विचारधारा से अवगत करवाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कमांद और कटौला में मस्जिद में सफें चढ़ा कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की दुआ भी मांगी। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद राजवली ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जवाहर ठाकुर ने ग्राम पंचायत कटौला, नवलाय, कमांद और सेगली पंचायत के 221 पात्र परिवारों को गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन भी वितरित किए। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री दलीप सिंह, संजय ठाकुर, जिला परिषद सदस्य पमिता शर्मा, सूरज प्रकाश, चूड़ामणि, कैप्टन हेम सिंह, लेख राज शर्मा, गुलाम रसूल और मोहम्मद अली सहित तमाम अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App