धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी भंग

By: Oct 26th, 2019 12:01 am

उपचुनाव में मिली हार के बाद युवा कांग्रेस ने भी हटाए सभी पदाधिकारी

धर्मशाला, शिमला – उपचुनाव में हार के बाद कांग्रेस हतोत्साहित है। भले ही इस हार के कई कारण गिनाए गए हों, लेकिन कांग्रेस पार्टी जानती है कि फिलहाल लोग उसके साथ नहीं है।  धर्मशाला में हार के बाद अब ठीकरे फोड़ने का काम शुरू हो चुका है, जिसकी शुरूआत कांग्रेस पार्टी ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धर्मशाला से की है। कांग्रेस पार्टी के साथ युवा कांगे्रस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। कांग्रेस ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धर्मशाला को भंग कर  दिया है। बताया जाता है कि पदाधिकारियों के चुनाव के दौरान कार्यक्लाप पार्टी को पसंद नहीं आए हैं। यहां पर सुधीर शर्मा ने ही अपने लोगों को ब्लॉक कांग्रेस में शामिल कर रखा था, जिनको अब हटा दिया गया है। इससे पार्टी ने प्रत्याशी के आरोपों पर मुहर लगा दी है। कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धर्मशाला को भंग करने के आदेश दिए हैं। यहां की पूरी कार्यकारिणी को भंग करने के बाद अब कांग्रेस नए सिरे से इसका गठन करेगी। उधर, युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों  पर भी गाज गिरी है। धर्मशाला से इसकी शुरूआत हुई है, जहां अध्यक्ष के साथ पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है।

हार की जिम्मेदारी सभी की

धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए गए राजेश कपूर ने कहा कि धर्मशाला उपचुनाव में पार्टी की करारी हार के लिए प्रचार में उतरे सभी नेताओं की सामूहिक जिम्मेदारी बनती है। हार का ठीकरा चुनिंदा कार्यकर्ताओं पर फोड़ना सही नहीं है।

अनुज होंगे कार्यकारी अध्यक्ष, आदेश तत्काल प्रभाव से लागू

युवा कांग्रेस के सचिव एवं प्रभारी जगदेव गागा ने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष की स्वीकृति से धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अक्षित मैनी को पदमुक्त व कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इसके अलावा प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव मणीमहेश जौरा को संगठन में निष्क्रिय होने की वजह से युवा कांग्रेस से पदमुक्त किया है। अनुज कुमार को धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस का नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और पंद्रह दिन के भीतर अपनी नई कार्यकारिणी का गठन करने को कहा है। उपरोक्त आदेश तत्काल प्रभावी होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App