पच्छाद में त्रिकोणीय हवाएं

By: Oct 11th, 2019 12:02 am

भाजपा-कांग्रेस सहित दयाल प्यारी ने रोचक किया मुकाबला

सराहां – भाजपा से बागी एवं आजाद उम्मीदवार दयाल प्यारी ने पच्छाद में मुकाबला त्रिकोणीय कर दिया है। पहले सभी में चर्चा थी कि भाजपा से दयाल प्यारी के आजाद चुनाव लड़ने से कांग्रेस के दिग्गज गंगू राम मुसाफिर का पलड़ा भारी हो जाएगा, लेकिन हर दिन बदलते समीकरणों ने अब स्थिति बदल दी है। वैसे अभी यह कहना थोड़ी जल्दबाजी होगी कि जीत की सुई किस ओर घूमेगी। इतना जरूर है कि अब राहें तीनों के लिए थोड़ी मुश्किल हो रही हैं। अगर 2017 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव व हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो तस्वीर भाजपा की ओर भी इशारा कर रही है। विधानसभा चुनाव 2017 में पच्छाद में लगभग 71210 कुल मतदाता थे, जिनमें से 55859 ने मतदान किया। चुनाव में भाजपा के सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के गंगूराम मुसाफिर को 6427 वोटों से दूसरी बार हराया था। इस चुनाव में अगर गिरिआर और गिरिपार की बात करें तो गिरिपार में राजगढ़ से मुसाफिर को कुल 10965 व सुरेश कश्यप को 13953 वोट पड़े थे, यानी कश्यप को कुल 2988 वोटों की बढ़त मिली। गिरिआर में पच्छाद से मुसाफिर को 12464 और कश्यप को 15813 वोट पड़े, जिसमें कश्यप ने यहां से कुल 3349 वोटों की बढ़त हासिल की। कुल मिलाकर भाजपा ने 6427 वोटों से जीत हासिल की।

लोकसभा चुनाव में ऐसा रहा मतदान का हाल

लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पच्छाद से 16021 वोटों की बढ़त हासिल की। हालांकि इसमें भी गिरिआर पच्छाद में भाजपा के सुरेश कश्यप को 18674, जबकि कांग्रेस के कर्नल धनीराम शांडिल को 9871 वोट पड़े। इसके अलावा गिरिपार राजगढ़ से कश्यप को 16597 और शांडिल को 9379 वोट मिले थे। आजाद उम्मीदवार विक्रम सिंह को कुल 390 व 479 वोट नोटा में गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App