पार्टियों ने नहीं छोड़ा पच्छाद का कोई कोना

By: Oct 7th, 2019 12:03 am

कड़ी टक्कर के चक्कर में चप्पे-चप्पे पर जमाया डेरा; गलियां घूम रहें कांग्रेसी, भाजपा ने भी बढ़ाए कदम

नाहन –पच्छाद में भाजपा व कांगे्रस को आजाद उम्मीदवार से मिल रही कांटे की टक्कर के चक्कर में भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र घेर लिया है। पच्छाद के चप्पे-चप्पे पर भाजपा व कांगे्रस डेरा जमा चुकी है। सरकार की ओर से करीब आधा दर्जन मंत्री व पार्टी के आला नेता जहां चुनावी बागडोर संभाले हुए हैं, तो वहीं कांग्रेस की ओर से भी आधा दर्जन विधायक विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के साथ चुनावी गलियों में घूम रहे हैं। तीसरी ओर आजाद उम्मीदवार अपने सहयोगी मतदाताओं के साथ वोट मांगने के लिए पच्छाद की पगडंडियों पर दौड़ना शुरू हो गए हैं। भाजपा की युवा नेत्री रीना कश्यप के सामने जहां कांग्रेस के दिग्गज नेता व करीब तीन दशक से अधिक समय तक पच्छाद पर राजनीतिक शासन करने वाले गंगूराम मुसाफिर राहों में खड़े हैं, तो वहीं आजाद उम्मीदवार के रूप में भाजपा की वरिष्ठ नेत्री रही दयाल प्यारी भी मुश्किलें खड़ी कर रही हैं। भाजपा संगठन द्वारा दयाल प्यारी को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित करने के बाद दयाल प्यारी के तेवर ओर तेज हो गए हैं। भाजपा की ओर से पच्छाद उपचुनाव प्रदेश की सत्तारूढ़ सरकार के लिए  साख का सवाल बन गया है। सरकार की ओर से वरिष्ठ नेता व सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, सांसद सुरेश कश्यप, प्रदेश सरकार के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा के अलावा पच्छाद की धूरी में अहम राजनीतिक पारी खेलने वाले दो राजपूत नेता बलदेव भंडारी व चंद्रमोहन ठाकुर फिलहाल मोर्चा संभाल चुके हैं। कैलाश फेडरेशन के चेयरमैन रवि मेहता, खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया के अलावा भाजपा के विधायक चप्पे-चप्पे पर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। प्रदेश सरकार भी किसी भी हालत में पच्छाद की सीट खोना नहीं चाहती है। कांग्रेस की ओर से नेता मुकेश अग्निहोत्री के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार, रामपुर के विधायक नंदलाल, रोहड़ू के विधायक मोहन लाल बरागटा समेत आला नेता डेरा जमाए हुए हैं।

इस बार 113 मतदान केंद्र

पच्छाद अब कुल 113 मतदान केंद्र हैं। विधानसभा चुनाव में पच्छाद में 110 मतदान केंद्र थे। इनमें से 84 मतदान केंद्रों पर भाजपा ने बढ़त हासिल की थी, जबकि कांग्रेस को मात्र 26 पोलिंग बूथ पर जीत मिली थी। कांग्रेस व भाजपा को टक्कर देने वाली आजाद उम्मीदवार दयाल प्यारी तीन बार जिला परिषद की सदस्य चुनी जा चुकी हैं। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में 113 मतदान केंद्रों में से राजगढ़ में 51, जबकि सराहां क्षेत्र में 62 पोलिंग बूथ हैं।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App