पुलिस का पहरा…जाम हुआ कम

By: Oct 14th, 2019 12:20 am

नादौन में लोगों को मिली राहत, खाकी के काम को किया सलाम

नादौन – गत कुछ दिनों से नादौन क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई का असर दिखने लगा है। वहीं नादौन बस अड्डा से स्थानीय उपडाकघर तक अकसर लगने वाले जाम से भी वाहन चालकों को काफी हद तक राहत मिली है। यह विचार व्यक्त करते हुए ब्रिलियंट क्लब के अध्यक्ष राजेश्वर सिह परिहार, सदस्यों संदीप अवस्थी, अरविंद डोगरा, अजय शर्मा, विवेक शर्मा, मनोरंजन गुलाटी, यशपाल भाटिया, मधुकर सोनी, अजय सोनी, मुनीष नंदा, संजीव कपिल, रविकांत अवस्थी, वीरेंद्र धीमान सहित अन्य लोगों ने बताया कि बस अड्डा से उपडाकघर तक कई स्थलों पर अकसर जाम की स्थिति बन जाती थी। इस कारण आवाजाही में भारी दिक्कत होती थी। ऐसे जाम में कई बार एंबुलेंस जैसे आपात वाहन भी फंस कर रह जाते थे, परंतु अब कुछ दिनों से पुलिस की मुस्तैदी के कारण ऐसी घटनाओं में काफी कमी आई है। वहीं यह स्थल कई नशेडि़यों का भी अड्डा बनकर रह गया था। इस कारण यहां अकसर सैर के लिए आने वाले लोगों की आवाजाही ही बंद हो गई थी, लेकिन पुलिस कार्रवाई के कारण अब इस समस्या का भी समाधान हो गया है। ब्रिलियंट क्लब ने पुलिस द्वारा जनहित में किए गए इन कार्यों की सराहना की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App