फिर दशहरा का आकर्षण बनी महानाटी

By: Oct 13th, 2019 12:01 am

 कुल्लू – अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में कुल्लवी नाटी आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है। इसी कड़ी में ऐतिहासिक रथ मैदान कुल्लू में आयोजित की गई मेगा नाटी ने इस बार फिर उत्सव की शोभा बढ़ाने में चार चांद लगा दिए। जहां वर्ष 2015 में कुल्लवी नाटी को इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड में सम्मिलित किया गया। वहीं, अब यह नाटी कुल्लू दशहरा उत्सव का एक हिस्सा बन गई है। महानाटी में जिला भर से आई हजारों महिलाओं ने पारंपरिक पोशाक में भाग लिया। विशाल रथ मैदान परंपराओं और संस्कृति से सराबोर दिखा। चिलचिलाती धूप में महिलाएं मैदान में सुबह नौ बजे से पहुंचना शुरू हो गई थीं और इतनी बड़ी संख्या में सभी का पंजीकरण सुनिश्चित बनाना बेशक चुनौतीपूर्ण कार्य था। स्वच्छता और पोषण अभियान की जागरूकता थीम पर नाटी का आयोजन किया गया। कुल्लू नाटी जहां देश-दुनिया के लोगों ने अपने कैमरों में कैद की, वहीं हजारों लोग इसके साक्षी भी बने। इस नाटी में 4000 के करीब महिलाओं ने भाग लिया और कुल्लवी गीत स्वच्छता रखणी गाकर लोगों को स्वच्छता और पोषण अभियान का संदेश दिया। बता दें कि इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय दशहरा कमेटी के अध्यक्ष एवं परिवहन, वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और उन्होंने इन महिलाओं को शुभकामनाएं दी और आगामी समय में भी इस नाटी को और आकर्षक बनाने की बात की। यही नहीं, इसके बाद मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर अपनी धर्मपत्नी रजनी ठाकुर के साथ नाटी मैदान में पहुंचे और नाटी में भाग लिया, जिससे  महानाटी का माहौल और भी खास बना। इसके साथ-साथ उपायुक्त कुल्ल डा. रिचा वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र आर्य सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया। वहीं, जिला कुल्लू के लोक कलाकारों ने भी कुल्लू के ठेठ कुल्लवी गीतों को प्रस्तुत कर महानाटी में चार चांद लगाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App