बहनों ने की भाइयों की लंबी उम्र की कामना

By: Oct 30th, 2019 12:30 am

जिलाभर में भैयादूज पर्व की धूम, बहनों ने भाई को तिलक कर भगवान से की सुख-समृद्धि की कामना

सोलन –जिला में भाई-बहन के अटूट प्रेम को समर्पित भाई दूज का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस मुबारक मौके पर बहनों ने भाई को तिलक कर भगवान से उनकी लंबी उम्र, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहन को रक्षा का वचन देते हुए उन्हें शगुन के रूप में पैसे व गिफ्ट दिए। विवाहिता महिलाएं इस पावन पर्व पर मायके आई और भाइयों को तिलक किया। इधर भैयादूज के चलते शहर के बाजारों में खासी चहल-पहल रही। लोगों ने जमकर मिठाइयों की खरीदारी की। सबके घरों पर मेहमानों का आना-जाना लगा रहा। मेहमानों के स्वागत के लिए पकवान बनाए गए। बच्चों ने भी घर में खूब आनंद उठाया। इस खास पर्व पर सुबह से ही तिलक लगवाने के लिए भाई-बहनों का एक दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। भाई दूज कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को मनाया जाने वाला पर्व है। बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु और सुख समृद्धि की कामना करती हैं। भाई शगुन के रूप में बहन को उपहार भेंट करता है। भाई दूज के दिन मृत्यु के देवता यमराज का पूजन भी होता है। धार्मिक मान्यता है कि यमराज ने भी इसी तिथि को अपनी बहन यमुना से नोत लिया था। भाइयों द्वारा बहनों को नोत लेने के बाद यथासंभव उपहार दिया जाता और बहनों के हाथों से भोजन ग्रहण किया जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App