बैंक कर्मी हड़ताल पर…अधिकारी करते रहे काम

By: Oct 23rd, 2019 12:20 am

ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन और बैंक इंप्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने की स्ट्राइक, जिला भर में मिला-जुला रहा असर

ऊना –ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन और बैंक इंप्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर ऊना जिला में बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे, लेकिन इस हड़ताल का असर मिला जुला ही रहा। एक ओर जहां इस आह्वान पर बैंक कर्मी हड़ताल पर थे। वहीं, दूसरी ओर बैंक अधिकारी अपने कार्य में लगे रहे। इसके चलते इस हड़ताल का मिला जुला असर ही रहा। जानकारी के अनुसार बैंक यूनियनों द्वारा बैंकों के विलय को लेकर केंद्र सरकार के निर्णय का विरोध किया जा रहा है। यह यूनियनें बैंकों में विलय की नीति के खिलाफ हैं। इसके अलावा खराब ऋणों की वसूली सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। एसोसिएशन ने डिफाल्टरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। इस हड़ताल में पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, ओरियंटल बैंक, बैंक ऑफ कॉमर्स, यूको बैंक सहित अन्य बैंकों के कर्मचारियों ने हड़ताल की। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक से विजय कुमार, सुभाष, हिमांशु, जरनैल सिंह ने बताया कि एसबीआई के कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे। हिमाचल बैंक इंप्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया के अतिरिक्त महासचिव उमेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बैंक कर्मियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बैंकों के विलय के चलते बैंक कर्मियों को नुकसान होगा। इसके चलते केंद्र सरकार को इस नीति को बंद करना चाहिए। साथ ही बैंक कर्मियों की समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App