भैयादूज…एचआरटीसी बसों में पैर रखने को जगह नहीं

By: Oct 30th, 2019 12:25 am

महिलाओं ने उठाया फ्री सफर सुविधा का लाभ; निजी बसों में कम दिखा भीड़-भड़ाका, कई जगहों पर बसें न रूकने की आई शिकायतें, महिलाओं को झेलनी पड़ीं दिक्कतें

बिलासपुर –भैयादूज पर्व पर एचआरटीसी की बसों में महिलाओं ने मुफ्त सफर किया। बहन-भाई के आपसी स्नेह का पर्व भैयादूज मंगलवार को बडे़ उत्साह के साथ मनाया गया। सरकार की ओर से महिलाओं को दिए गए इस फ्री सफर के तोहफे का उन्होंने खूब फायदा उठाया। एचआरटीसी की बसों में निःशुल्क सफर होने के चलते निजी बसों में कम ही भीड़ रही, जबकि एचआरटीसी बसों में महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। निगम की ओर से सूर्यादय से सूर्यास्त तक एचआरटीसी की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का प्रावधान किया गया। ऐसे में एचआरटीसी की बसों में मंगलवार को काफी भीड़ रही। अधिकांश महिलाओं ने निःशुल्क सुविधा के लिए एचआरटीसी की बसों में ही सफर किया। बस स्टैंड पर महिलाओं की काफी भीड़ नजर आई। हालांकि कई जगह पर एचआरटीसी की बसें न रुकने की शिकायतें भी आई। इसमें लौंग रूट की बसों ने महिलाओं के लिए बसें नहीं रोकी। इससे महिलाओं का परेशानी भी हुई। इस कारण कुछेक महिलाओं को निजी बसों में सफर करना पड़ा। भैयादूज पर एचआरटीसी की बसों में महिलाओं के निःशुल्क सफर बाबत कर्मचारियों को निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए थे। हालांकि निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाने से एचआरटीसी को करारी चपत लगी है, मगर महिलाओं ने भाई-बहन के अटूट पर्व पर एचआरटीसी द्वारा प्रदान की गई उक्त सेवा का भरपूर लाभ उठाया। बिलासपुर जिला के कई स्थानों पर एचआरटीसी की बसों में भारी भीड़ होने के चलते बसे नहीं रुकी, जिससे महिलाओं में रोष भी दिखा। बिलासपुर में एचआरटीसी की बसों में सुबह व शाम के समय महिलाओं की ज्यादा संख्या रही। इस पवित्र पर्व पर अपने भाई के घर तक पहुंचने और वापस घर तक लौटने के लिए महिलाओं ने एचआरटीसी की बसों में सफर किया। बहरहाल मंगलवार को भैयादूज पर्व पर बिलासपुर के लोकल रूट्स पर चलने वाले एचआरटीसी की बसों में भी महिलाओं ने फ्री बस यात्रा का लाभ उठाया। इस पर्व पर बसों में महिलाओं की काफी भीड़ देखी गई। बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु के लिए कामना की।

निगम ने किए थे खास बंदोबस्त

क्षेत्रीय प्रबंधक बिलासपुर पवन कुमार शर्मा ने बताया कि सूर्यादय से सूर्यास्त तक महिलाओं को फ्री सफर करने की सुविधा दी गई थी। महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए थे। महिलाओं को यात्रा में सुविधा प्रदान करने के लिए बिलासपुर के विभिन्न महत्त्वपूर्ण स्थानों में निरीक्षकों को भी तैनात किए गए थे। महिलाओं ने इस सेवा का लाभ उठाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App