रजनी पाटिल के हुक्म पर ही दोनों जगह कर रहा हूं प्रचार

By: Oct 15th, 2019 12:01 am

शिमला – पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिह सुक्खू के प्रचार को लेकर वर्तमान अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के तंज कसे जाने के बाद सुक्खू ने कहा है कि उन्हें रजनी पाटिल का फोन आया है। रजनी पाटिल के हुक्म से वह उपचुनाव में दोनों जगह चुनाव प्रचार करेंगे। राठौर ने कहा था कि उन्हें मालूम नहीं है कि सुक्खू चुनाव प्रचार कर भी रहे हैं या नहीं। पार्टी ने उनकी ड्यूटी धर्मशाला में चुनाव प्रचार के लिए लगाई है, लेकिन वह अभी तक प्रचार में नहीं गए। इस पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि उन्हें पार्टी की प्रभारी रजनी पाटिल का फोन आया था। उनसे पूरे मामले पर चर्चा हो चुकी है। उन्होंने कहा है कि धर्मशाला के साथ पच्छाद में भी चुनाव प्रचार करूं, इसलिए 16 से प्रचार के लिए जा रहा हूं। वह 16 व 17 अक्तूबर को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करेंगे। यहां अलग-अलग जगह छह बैठकें रखी गई हैं, जिनमें कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा के बाद लोगों से मिलेंगे। वहीं, 18 व 19 अक्तूबर को वह धर्मशाला में तीन बैठकें करेंगे। बता दें कि सुक्खू व राठौर का आंकड़ा पूरी तरह ठीक नहीं बैठ रहा है। इस पर आनंद शर्मा से भी बात हुई है, जिन्होंने दोनों को साथ चलने के लिए भी कहा था, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो पाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App