शहर में लगे होर्डिंग पर कांग्रेस खफा

By: Oct 5th, 2019 12:20 am

भाजपा पर जड़ा गुंडागर्दी का आरोप, उपायुक्त से मांगी जांच

शिमला -शिमला कांग्रेस ( शहरी ) अध्यक्ष अरुण शर्मा की अगुवाई में शुक्रवार को जिला कांग्रेस शिमला शहरी का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त शिमला से मिला। उन्होंने सीटीओ से स्केंडल प्वाइंट  की तरफ लगाए गए भाजपा के होर्डिंग पर आपत्ति जताते हुए ज्ञापन सौंपा। शहरी अध्यक्ष ने कहा कि जहां सारा विश्व महात्मा गांधी की 150वीं वर्षगांठ पर उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा था वहीं शिमला उपायुक्त के कार्यालय के साथ भाजपा द्वारा बड़े ही शर्मनाक तरीके से अवैध होर्डिंग लगा कर अपना और मोदी जी का प्रचार करने का बेहुदा कृत्य किया है। शर्मा ने कहा कि पिछले तकरीबन 10 दिनों से यह बेनाम होर्डिंग जिस पर जारीकर्ता का नाम तक नहीं है उसे अवैध तरीके से लगा रखा गया है और वह भी उपायुक्त और निगम कार्यालय के ठीक सामने। सभी नियम कानूनों को ठेंगा दिखा कर भाजपा ने ये साबित करने की कोशिश की है कि नियम कानून अब उनके इशारे पर बनाए जाते हैं। इस तरह की हरकत कर भाजपा ने यह सिद्ध कर दिया है कि शहर के अंदर भाजपा की गुंडागर्दी कितनी अधिक बढ़ती जा रही है। अरूण शर्मा ने कहा कि शहरी कांग्रेस के विरोध के बाद उन होर्डिंग को हटा दिया गया है परंतु आज शहरी कांग्रेस व शिमला का हर बाशिंदा उपायुक्त से यह पूछना चाहता है कि यह  होर्डिंग लगाने के पीछे कौन हैं? किस तरह 10 दिन तक किसी भी कर्मचारी व अधिकारी ने ये जानने की जहमत नहीं उठाई की यह होर्डिंग किसकी परमिशन से लगाई गई है। उन्होंने इस मामले में उपायुक्त शिमला से जांच की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में उनके साथ पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह भुज्जा, तनु चौहान, सैन राम नेगी, रूप चंद, मनोज अधिकारी, पूनम भारद्वाज, शशि बहल, वेद प्रकाश, वरुण चंदेल, विनोद भाटिया, कपिल धालीवाल, संजीव मेहता, अमित शर्मा , विजय कुमार, अनिल चौहान, जसपाल सिंह, मस्तराम शर्मा, अमृत , राकेश, रविंदर कंवर अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल थे।  


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App