साउथ अफ्रीका का सफाया

By: Oct 23rd, 2019 12:10 am

भारत ने तीसरे टेस्ट में पारी और 202 रन से हराकर सीरीज में 3-0 से किया क्लीन स्वीप

रांची – भारत ने निर्मम अंदाज में दक्षिण अफ्रीका को तीसरे और अंतिम टेस्ट में चौथे ही दिन मंगलवार को सुबह पारी और 202 रन के रिकार्ड अंतर से रौंद कर तीन मैचों की सीरीज में 3-0 की ऐतिहासिक क्लीन स्वीप कर ली। भारत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह पहली क्लीन स्वीप है। दक्षिण अफ्रीका ने आठ विकेट पर 132 रन से आगे खेलना शुरू किया और भारत ने उसके शेष दो विकेट निकलने के लिए मात्र 11 मिनट और 12 गेंद का समय लगाया। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी मारी 133 रन पर सिमट गई। पदार्पण टेस्ट खेल रहे लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज नदीम ने शेष दो विकेट लगातार गेंदों पर निकालकर जीत भारत की झोली में डाल दी। भारत ने इससे पहले पुणे में दूसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को पारी और 137 रन से हराया था। भारत की अपनी यह सबसे बड़ी छठी जीत है। टीम इंडिया की यह 27 साल में पहली बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्लीन स्वीप है।  विराट कोहली ये कमाल करने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। इससे पहले कोई भी भारतीय कप्तान दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप नहीं कर पाया था। इसके अलावा विराट दक्षिण अफ्रीका को लगातार दो टेस्ट मैचों में फॉलोऑन देकर पारी के अंतर से जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। तीसरे टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले ओपनर रोहित शर्मा को मैन ऑफ दि मैच के साथ प्लेयर ऑफ दि सीरीज का पुरस्कार दिया गया। रोहित ने 255 गेंदों में 28 चौकों और छह छक्कों की मदद से 212 रन बनाए थे। भारत की आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में यह लगातार पांचवीं टेस्ट जीत है और उसके अब 240 अंक हो गए हैं। भारत को इस मैच में जीत से 40 अंक मिले। दक्षिण अफ्रीका का चैंपियनशिप में अभी खाता नहीं खुला है। इस टेस्ट सीरीज को जीतने के साथ ही भारत ने घरेलू सरजमीं पर लगातार सबसे ज्यादा टेस्ट सीरीज जीतने का विश्व रिकार्ड बना दिया है। भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धोनी, अजिंक्या रहाणे और विराट कोहली की कप्तानी में अब तक घरेलू सरजमीं पर कुल 11 सीरीज जीत ली हैं। इस मामले में भारत ने आस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ दिया है, जिसने दो बार 10-10 टेस्ट सीरीज लगातार अपने देश में जीती थी। भारतीय टीम की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैचों में यह 14वीं जीत है, जबकि बाकी एशियाई टीम मिलकर कुल 13 बार दक्षिण अफ्रीका की टीम को हरा पाए हैं। विराट के अलावा कोई भी एशियाई कप्तान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप नहीं कर पाया है।

विराट ब्रिगेड 2019 की सबसे कामयाब टीम

नई दिल्ली – भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ  बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को मंगलवार को तीसरे टेस्ट में पारी व 202 रन से हराया। उसने पहला टेस्ट 203 रन और दूसरा टेस्ट पारी व 137 रन से जीता था। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली बार किसी टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया। भारत ने इसके अलावा भी कई रिकार्ड बनाए हैं। वह 2019 की सबसे कामयाब टेस्ट टीम भी बन गई है। भारत ने इस साल सबसे अधिक टेस्ट मैच जीते हैं। भारत ने इस साल छह टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से उसे पांच में जीत मिली है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App