साढ़े तीन दशक से एक बार ही विपक्ष में विधायक

By: Oct 29th, 2019 12:01 am

धर्मशाला – हिमाचल प्रदेश की सबसे हॉट सीट धर्मशाला में पिछले साढ़े तीन दशकों से लगातार प्रदेश में बनने वाली सरकार में ही विधायक चुनती रही है। इस दौरान मात्र एक बार 1993 में किशन कपूर धर्मशाला से विधायक बनकर विपक्ष के रूप में मौजूद रहे। धर्मशाला की स्मार्ट जनता ने एक बार फिर हवाओं का रुख समझते हुए अपने प्रत्याशी का चुनाव किया है। पिछले साढ़े तीन दशकों से लगातार धर्मशाला की जनता जिसको चुनकर भेजती है, उनकी ही सरकार बनती है। इस बार 2019 उपचुनाव में धर्मशाला ने फिर नए चेहरे को चुनकर प्रदेश सरकार में भेजा है। वहीं वर्ष 1998 से लगातार धर्मशाला के नाम मंत्री पद रहा है, लेकिन इस बार नया चेहरा धर्मशाला से चुनकर गई है। ऐसे में धर्मशाला को मंत्री पद से दो दशकों के बाद वंचित रहना पड़ सकता है। धर्मशाला में 1985 के चुनाव में कांग्रेस ने मूलराज पाधा को टिकट थमाया तथा कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार बनाई। 1990 में भाजपा के नेता किशन कपूर ने जीत हासिल की और धर्मशाला से भाजपा की सरकार में विधायक बने। श्री कपूर ने 1993 में भी जीत दर्ज की, उन्हें कांग्रेस सरकार के समक्ष विपक्ष में बैठना पड़ा। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में धर्मशाला का स्वर्णिम अध्याय भी शुरू हुआ। 1998 में श्री कपूर ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करके भाजपा की सरकार में बतौर मंत्री अपना स्थान बनाया। 2003 के चुनावों में धर्मशाला से चंद्रेश कुमारी ने जीत दर्ज की और कांग्रेस की प्रदेश सरकार में मंत्री बनीं। विस चुनाव 2007 में किशन कपूर फिर भाजपा सरकार में दूसरी बार कबीना मंत्री बने। 2012 के विस चुनावों में कांग्रेस ने धर्मशाला में एक बार फिर नए चेहरे सुधीर शर्मा को धर्मशाला क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया। धर्मशाला की जनता ने सुधीर शर्मा को जीतवाकर शिमला भेजा और वह कांग्रेस सरकार में अपने व्यक्तिगत रूप में पहली बार मंत्री पद ग्रहण करने में कामयाब हुए। वहीं 2017 के चुनावों में भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर ने एक बार फिर विजय कायम की। किशन कपूर को फिर से भाजपा की प्रदेश सरकार में मंत्री बनाया गया। इस बार धर्मशाला में पहली बार उपचुनाव हुआ, जिसमें भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया ने जीत दर्ज की और आगामी तीन वर्ष से अधिक समय तक भाजपा सरकार में रहेंगे।

किस सरकार में रहे धर्मशाला के विधायक

वर्ष        सरकार   विधायक

1985      कांग्रेस     मूल राजपाधा

1990      भाजपा     किशन कपूर

1993      कांग्रेस     किशन कपूर

1998      भाजपा     किशन कपूर

2003      कांग्रेस     चंद्रेश कुमारी

2007      भाजपा     किशन कपूर

2012      कांग्रेस     सुधीर शर्मा

2017      भाजपा     किशन कपूर

2019      भाजपा     विशाल नैहरिया


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App