सुजानपुर में खिला ब्रह्म कमल

By: Oct 19th, 2019 12:20 am

जांगल साई में फूल देखने के लिए लोगों का लगा तांता

सुजानपुर -सौहार्द एवं भाग्य का प्रतीक ब्रह्म कमल फूल नाम सुनकर ही मन प्रसन्न हो उठता है। अगर आपको इस ब्रह्म कमल देखने का सौभाग्य मिला, तो यह किसी अलौकिक घटना घटने वाली बात से कम नहीं होगा, जी हां ऐसा ब्रह्म कमल फूल सुजानपुर के साथ लगते गांव जांगल साई में खिला है, जिनके घर मंे यह ब्रह्म कमल खिला है, उनके घर पर इसे देखने वालों का तांता लगना शुरू हो गया है। विनोद मेहरा उर्फ शंकर भाई ने बताया कि करवाचौथ की रात पर जब सारी दुनिया चांद का दीदार कर रही थी, जिस समय आसमान में चांद निकला उसी समय उनके घर पर गमले में करीब दो वर्ष पहले लगाया गया ब्रह्म कमल का पौधा उसके ऊपर ब्रह्म कमल खिल उठा। ब्रह्म कमल खिलने की सूचना जैसे ही आस-पड़ोस को लगी, तो उसे देखने के लिए लोग इकट्ठा होना शुरू हो गए, जिस तरह चांद का दीदार लोगों ने किया, उसी तरह यह ब्रह्म कमल का दीदार कर लोगों ने साक्षात भगवान के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले वह ब्रह्म कमल का एक पौधा, जिसे उनकी बहन ने उपहार स्वरूप दिया था, उसे घर पर लगाया था। गुरुवार रात्रि करीब 8ः30 बजे उस पौधे पर ब्रह्म कमल का फूल खिल उठा। ब्रह्म कमल का फूल खिलता देख परिवार के सदस्य हैरान रह गए और फिर विधि विधान से उस ब्रह्म कमल की पूजा-अर्चना की गई। दो घंटे तक यह फूल खिलता रहा, उसके बाद अपने आप ही यह फूल सिकुड़ गया, जिसे बाद में उन्होंने धार्मिक विधि अनुसार संभाल कर रख लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App