सोनू निगम की सुरों पर थिरका कुल्लू

By: Oct 15th, 2019 12:20 am

अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की छठी सांस्कृतिक संध्या में बालीवुड सिंगर ने बांधा समां

कुल्लू -मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की छठी सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता की। प्रसिद्ध बालीवुड गायक सोनू निगम ने अपनी मधुर आवाज से हिंदी फिल्मों के नगमें प्रस्तुत करके दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। ्रइस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कुल्लू दशहरा उत्सव प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस उत्सव का अपना ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व धार्मिक महत्त्व है और यह व्यापारिक व पर्यटन की दृष्टि से भी प्रसिद्ध उत्सव है, जिसमें देश के अलग-अलग भागों से व्यापारी भाग लेते हैं तथा विदेशों के सांस्कृतिक दल पूरे जोश व उत्साह के साथ इस उत्सव की शोभा बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से समाज में व्याप्त नशे की बुराई से मिलकर लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश को पोलिथीन मुक्त बनाने की भी आवश्यकता है जिसमें सभी के संयुक्त प्रयास होने चाहिए। राज्य सरकार ने व्यक्तिगत व नगर परिषदों से 75 रुपए प्रति किलोग्राम की दर पर पोलिथीन खरीदने की नई पहल की है।  इससे न केवल प्रदेश पोलिथीन मुक्त राज्य बनेगा,बल्कि इससे पर्यावरण प्रदूषण से भी बचा जा सकेगा। इस अवसर पर सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह भी मौजूद रहे।

 

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App