हमीरपुर से चलाईं छह स्पेशल बसें

By: Oct 30th, 2019 12:26 am

यात्रियों की डिमांड पर पांच चंडीगढ़, एक दिल्ली रूट पर की रवाना

हमीरपुर –एचआरटीसी डिपो हमीरपुर में यात्रियों की डिमांड पर आधा दर्जन स्पेशल बसें चंडीगढ़ व दिल्ली रूट पर भेजी गई हैं। यात्री भी निगम की स्पेशल बसों की सुविधा से काफी संतुष्ट नजर आए। बुधवार को भी यात्रियों की डिमांड पर स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। ऐसे में यात्री बुकिंग काउंटर पर अपनी डिमांड देना सुनिश्चित करें। बता दें कि हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर में दिल्ली रूट की सभी बसें तीन नवंबर तक एडवांस बुकिंग पर चल रही हैं, जबकि चंडीगढ़ रूट की बसें बुधवार तक एडवांस बुकिंग पर रहेंगी। ऐसे में यात्रियों की डिमांड पर स्पेशल बसें चलाई जा रही हैं। मंगलवार को दिल्ली व चंडीगढ़ जाने के लिए यात्रियों का हजूम उमड़ पड़ा। निगम की मानें तो चंडीगढ़ के लिए पांच स्पेशल बसें भेजी गई हैं, जबकि दिल्ली के लिए देरशाम एक स्पेशल वोल्वो रूट पर भेजी गई है। यात्रियों की डिमांड पर दिनभर स्पेशल बसें रूटों पर भेजी गई। यात्रियों से स्पेशल बसों में किराया का 20 फीसदी अधिक वसूला जा रहा था। गौरतलब है कि हमीरपुर डिपो में दिल्ली रूट पर चार ऑर्डिनेरी, तीन वोल्वो, एक सेमि डिलक्स और एक टाटा एसी रोजाना रूटीन पर चलती हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ रूट पर नौ ऑर्डिनेरी बसें चलती हैं। निगम की रूटीन की सभी बसें एडवांस बुकिंग पर चल रही हैं। ऐसे में यात्रियों को बुकिंग काउंटर पर आकर ही स्पेशल बसों में सीट कंफर्म करनी होगी। यही नहीं निगम की हरिद्वार की दो, अमृतसर की दो और जलांधर रूट की दो बसें भी एडवांस बुकिंग पर चल रही हैं। यात्री स्पेशल बसों में सफर करने के लिए बुकिंग काउंटर पर अपनी डिमांड जल्द से जल्द देना सुनिश्चित करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App