हरियाणा में विपक्ष हारे मन से लड़ रहा चुनाव

By: Oct 22nd, 2019 12:02 am

करनाल – हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विपक्षी दलों पर तंज करते हुये आज कहा कि वे हारे मन से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) प्रचंड बहुमत से राज्य में पुनः सरकार बनाने जा रही है। श्री खट्टर यहां मतदान करने के बार पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य में भाजपा सरकार के अभूतपूर्व विकास कार्यों को देखते हुये मतदाता उत्साह के साथ पार्टी के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने इस बार 75 से अधिक विधानसभा सीटें जीतने का जो लक्ष्य रखा है उसे वह हासिल कर लेगी। उन्होंने कहा कि विरोधी पहले ही हार मान चुके हैं और हारे हुए मन से चुनाव मैदान में हैं और जनता को अपने लोकलुभावन वादों से भ्रमित करने औ भ्रमजाल में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष का सूपड़ा साफ होना तय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में राष्ट्रीय मुद्दों के अलावा अन्य मुद्दे भी हावी रहे हैं। भाजपा ने जनता से जो वादे किये थे वे पूरे करके दिखाए और इस के बल पर वह चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि हम पंचायतीराज, स्थानीय निकाय और लोगों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने जैसे मुद्दे भी जनता के बीच लेकर गए हैं। इनके अलावा राष्ट्रीय मुद्दों को भी जनता के समक्ष रखा है। अब जनता इसी आधार पर फैसला करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App