हिमाचल में होगा पंचायतों का पुनर्गठन

By: Oct 31st, 2019 12:02 am

 भौगोलिक आधार पर बदलेगा स्वरूप, विभाग के पास पहुंची सैकड़ों शिकायतें

शिमला –हिमाचल की पंचायतों का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके लिए पंचायती राज विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। जनसंख्या व भौगोलिक आधार पर पंचायतों का स्वरूप बदलने से पंचायतों की संख्या वर्तमान 3226 से बढ़ भी सकती है।  पंचायतों के पुनर्गठन के लिए डाटा तैयार किया जा रहा है। जिन पंचायतों में सात से अधिक वार्ड हैं और जनसंख्या ज्यादा है उनका ब्यौरा इकट्ठा किया जा रहा है। जिन पंचायतों के वार्ड दो से तीन विधानासभा क्षेत्रों में आ रहे हैं, के पुनर्गठन की भी योजना है। इसके लिए पंचायतों के लोगों से राय ली जा रही है। सूत्रों के अनुसार ऐसी पंचायतों की संख्या सैकड़ों में है और लोगों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही है। प्रदेश में कुछ पंचायतें ऐसी हैं जिनके वार्ड बारह और इससे भी अधिक हैं। वार्ड की संख्या अधिक होने से विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। हिमाचल में 1952 में केवल 280 ग्राम पंचायतें थी। 1952 में हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम के लागू होने के बाद संख्या में बढ़ोतरी हुई। 2010 में प्रदेश में 3243 ग्राम पंचायतें थी। 2015 में 17 पंचायतों का विलय नगर पालिकाओं में होने के कारण ग्राम पंचायतों की संख्या 3226 हो गई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 31 दिसंबर तक राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज विभाग से इस संदर्भ में पूरा ब्यौरा मांगा है।

पंचायतों का इतिहास

 1952 में सिर्फ 280 ग्राम पंचायतें

 1954 में 466 हो गई संख्या

 1962 में पंचायतें बढ़कर 638 हो गईं

 1966 को पंजाब के कुछ पहाड़ी क्षेत्रों को हिमाचल में मिलाने के बाद पंचायतों की संख्या 1695 हो गई

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App