‘1100’ घुमाओ, समस्याओं से छुटकारा पाओ

By: Oct 23rd, 2019 12:20 am
मलकुमाजरा स्थित हरे कृष्णा गोशाला में आयोजित जनसभा के दौरान बोले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

बीबीएन –मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सरकार है, सरकार का एकमात्र प्रयास प्रदेश  व प्रदेशवासियों का विकास है। उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद कई योजनाएं जन हित में उन्होंने शुरू की, जिनमें जनमंच एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें शिकायतकर्ता व जनता माईक हाथ में लेकर सरकार से जबावतलब करती  है और  अधिकारी शिकायतकर्ता की समस्या का  मौके पर ही निदान करता है, हालांकि कांग्रेस जनों ने इसका विरोध किया, लेकिन आलम यह है कि जनमंच में सबसे पहले पेपर वही लोग लेकर पहुंचते हैं। सीएम ने कहा कि हमारा हिमाचल देश में ऐसा पहला राज्य बन गया है, जहां अब एक कदम और ज्यादा ऊपर जाकर 1100 नंबर पर फोन करो आपकी समस्या चंद दिनों में हल हो जाएगी और आपको किसी कार्यालय में जाना ही नहीं पडेगा। यह शब्द मुख्यमंत्री ने मलकुमाजरा स्थित हरे कृष्णा गोशाला में आयोजित जनसभा के दौरान क हे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक समान विकास को तरजीह दे रही है, अब तक के कार्यकाल में समाज का हर वर्ग जनकलयाणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुआ है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ने मंत्रीमंडल की पहली ही बैठक में शराब की प्रत्येेक बोतल पर एक रुपए का उपकर वसूलने का निर्णय लिया था, जिसे गोसदनों और गो अभ्यारण्यों के निर्माण पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गायों को छत प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार कई गो अभ्यारण्यों का निर्माण कर रही है।  सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के डबल इंजन से प्रदेश में विकास की गति को तेजी मिली है। उन्होंने लोकसभा चुनावों में समर्थन के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया।  दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में सरकार प्रदेश का तीव्र एवं संतुलित विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों के जीवन में आशातीत बदलाव के लिए सरकार ने कई महत्त्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की हैं।  जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैणी ने कहा कि यह प्रदेश का सौभाग्य है कि जयराम ठाकुर जैसे युवा और कर्मठ व्यक्ति मुख्यमंत्री बने हैं, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश का अभूतपूर्व विकास सुनिश्चित बन रहा है। गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने गौ अभ्यारण्य के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों का आभार जताया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. डेजी ठाकुर, पूर्व विधायक केएल ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App