25 बुजुर्गों को संस्था ने दिया सहारा

By: Oct 11th, 2019 12:20 am

चौपाल  – भारत सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश सरकार की संस्तुति पर चौपाल में सामाजिक सेवा क्षेत्र की अग्रणी संस्था मानव कल्याण सेवा समिति की देखरेख में 25 बेसहारा वृद्धजनों हेतु वृद्धाश्रम संचालित किया है जिसमें 25 वृद्धजनों हेतु आजीवन पालन-पोषण की सुविधा उपलब्ध होगी। उल्लेखनीय है कि मानव कल्याण सेवा समिति ने तीन वर्ष पूर्व बनी इस योजना को वर्ष 2018-19 में कार्य रूप दिया। समिति के निदेशक केशव राम लोदटा ने बताया कि इस वृद्धाश्रम में 25 बेसहारा वृद्धों हेतु वस्त्र, खान-पान, औषधियों की निःशुल्क व्यवस्था हिमाचल प्रदेश सरकार की अनुशंसा पर भारत सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मन्त्रालय के वित्तपोषण से की जाएगी, जो कि कुल योजना व्यय का 90 प्रतिशत होगा शेष 10 प्रतिशत राशि संस्था को निजी साधनों व डोनेशन से जुटानी होगी, जिसमें स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों व अन्य दानी सज्जनों का सहयोग वांछनीय है। क्षेत्र की बुद्धिजीवी जनता ने प्रदेश व केंद्रीय सरकार के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय को इस योजना की स्वीकृति हेतु धन्यवाद किया है। बताते चलें कि क्षेत्र की अग्रणी समाज सेवी संस्था मानव कल्याण सेवा समिति इससे पूर्व भी क्षेत्र की जरूरतमंद बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों के लिए अनेकों कल्याणकारी योजनाओं का संचालन करती रही है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App