अंतरिक्ष पर भी शोध करेंगे आईआईटी दिल्ली के छात्र

By: Nov 3rd, 2019 12:02 am

संस्थान में खुलेगा इसरो का प्रकोष्ठ, इसरो के अध्यक्ष डा. शिवन ने किए साइन

भारतीय प्रौद्योगिक संस्थान दिल्ली में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) एक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ की स्थापना करेगा। इस आशय के करार पर आईआईटी और इसरो ने शनिवार को यहां आईआईटी के 50वें दीक्षांत समारोह पर हस्ताक्षर किए। इसरो के अध्यक्ष डा. शिवन ने पीएचडी के 331 छात्रों समेत कुल 1217 छात्रों को समारोह में डिग्रियां प्रदान की। आईआईटी के निदेशक प्रोफेसर वी. रामगोपाल राव ने बताया कि आईआईटी ने इसरो के साथ एक करार पर हस्ताक्षर कर अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शोध कार्यों में बढ़ावा देने का फैसला किया है और इसरो के साथ मिलकर काम करने से अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत का नाम और रोशन होगा और इससे दोनों संस्थाओं को फायदा होगा। इसरो के अध्यक्ष शिवन ने कहा कि करीब तीन दशक पहले उन्होंने आईआईटी मुंबई से शिक्षा ग्रहण की थी और तब नौकरी की संभावनाएं आज की तरह उतनी व्यापक नहीं थी और करियर में विशेषज्ञता के क्षेत्र में कम थे। लेकिन आज नए क्षेत्र खुले हैं और आज आपको अपने दृष्टिकोण में व्यावहारिक होने की जरूरत है और पुरानी पीढ़ी से सीखने की जरूरत है।

कई अनुसंधान कार्यों पर होगी रिसर्च

आईआईटी ने विभिन्न विषयों में अनुसंधान कार्यों को बढ़ावा देने के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान और राष्ट्रीय प्रतिरक्षा संस्थान के अलावा सीएसआईआर की पांच प्रयोगशालाओं के साथ करार किए है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App