एक नजर

By: Nov 11th, 2019 12:01 am

नेपाल में सबसे ज्यादा सर्च हुई अयोध्या

नई दिल्ली। अयोध्या जमीन विवाद में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर पूरे देश में उत्सुकता थी। इसके पल-पल के अपडेट पर इंटरनेट यूजर्स की नजर थी। नौ नवंबर (शनिवार) को भारत में राम मंदिर, रामलला, अयोध्या फैसला, बाबरी मस्जिद और सुप्रीम कोर्ट इन पांच शब्दों को लेकर गूगल ट्रेंड्स के नतीजे सामने आए। भारत के बाद फैसले को लेकर सबसे ज्यादा सर्चिंग नेपाल में हुई। यहीं के जनकपुर में माता सीता की जन्मस्थली है।

प्रियंका ने फिर घेरी केंद्र सरकार

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसान आत्महत्या को लेकर सरकार पर तीखा हमला करते हुए रविवार को कहा कि वह किसानों द्वारा की जाने वाली आत्महत्या के मामलों से वह डरती है इसलिए सही आंकडे छिपा रही है। श्रीमती वढेरा ने ट््वीट किया है कि भाजपा सरकार के लोग सच से इतना डरते क्यों हैं? भाजपा सरकार में किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों की समस्या सुलझाने की बजाय किसान आत्महत्या की रिपोर्ट से छेड़छाड़ करना और उसे दबाकर रखना ज्यादा सही समझा।       

संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर प्रधान

नई दिल्ली। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तीन दिन की यात्रा पर संयुक्त अरब अमीरात जा रहे हैं।  श्री प्रधान संयुक्त अरब अमीरात के मंत्री और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के सीईओ डा. सुल्तान अहमद अल जाबेर के निमंत्रण पर अंतरराष्ट्रीय पेट्रोलियम प्रदर्शनी और सम्मेलन के मंत्री स्तरीय सत्र में हिस्सा लेने जा रहे हैं। वह सोमवार को मंत्री स्तरीय पैनल चर्चा में भी हिस्सा लेंगे। वह प्रदर्शनी में भारतीय पवैलियन का उद्घाटन भी करेंगे।

टोंगा में भूकंप के झटके

मॉस्को। प्रशांत महासागर के दक्षिणी हिस्से में टोंगा गणराज्य के तट के पास रविवार को भूकंप के मध्यम झटके महसूस किए गए। अमरीकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने बताया कि तड़के लगभग पांच बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.6 मापी गयी। भूकंप का केंद्र नुकुआओल्फा से 91 मील उत्तर पश्चिम में सतह से 160 मील नीचे था। भूकंप के कारण जान-माल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App