एक नजर

By: Nov 15th, 2019 12:02 am

रूस में गोलीबारी एक की जान गई

ब्लागोवेस्चेन्स्क – रूस में अमरु ओबलास्ट के ब्लागोवेस्चेन्स्क शहर में एक बंदूकधारी ने गोलीबारी कर एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया और तीन अन्य को घायल कर दिया। हमलावर ने भी बाद में स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो किशोर समेत तीन लोग घायल हुए हैं। बाद में हमलावर ने भी स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

उत्तरी मिस्र में आग लगने से छह की मौत

काहिरा – मिस्र की राजधानी काहिरा के उत्तर में स्थित बेहेईरा प्रांत में तेल की एक पाइपलाइन में रिसाव होने के बाद उसमें आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने मौके पर 20 एंबुलेंस भेजीं और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि यह रिसाव चोरी के असफल प्रयास के कारण हुआ।

कुवैत की सरकार ने दिया इस्तीफा

कुवैत सिटी – कुवैत के मंत्रिमंडल ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। इससे कुछ दिनों पहले देश की लोक निर्माण कार्य मंत्री ने संसद द्वारा पूछताछ किए जाने के बाद इस्तीफा देने की घोषणा की थी। कुछ निर्वाचित सांसदों ने जेनन रमदान पर आरोप लगाया था कि वह 2018 में आई विनाशकारी बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए बुनियादी ढांचों और सड़कों की मरम्मत कराने में नाकाम रही। स्थानीय मीडिया के अनुसार, दस सांसदों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।

मोरालेस लड़ सकते हैं राष्ट्रपति का चुनाव

मैक्सिको सिटी – बोलीविया के पूर्व राष्ट्रपति एवो मोरालेस ने अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने का संकेत दिया है। मैक्सिको में शरण लिए श्री मोरालेस ने पहली बार देश छोड़ने के बाद संवाददाताओं से बात की। उन्होंने संकेत दिया कि वह अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेने के लिए बोलीविया वापस आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम शीर्ष चुनावी न्यायाधिकरण की रचना कर नए तरीके से चुनाव कराने के लिए तैयार थे, लेकिन उन्होंने (विपक्ष) ने कहा श्री एवो को देश छोड़ना होगा, मैंने देश छोड़ दिया, लेकिन अभी भी हिंसा जारी है। इसलिए यह कोई समाधान नहीं है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App