कल से बारिश-ओले तूफान, सब एक साथ

By: Nov 5th, 2019 12:01 am

विभाग ने जारी की चेतावनी, हिमाचल में तीन दिन खूब रंग दिखाएगा मौसम

शिमला – हिमाचल प्रदेश में अगामी दिनों के दौरान मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। राज्य के शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सोलन व सिरमौर में छह व सात नवंबर को तूफान, बारिश व ओलावृष्टि होगी। मौसम विभाग ने छह नवंबर को कई स्थानों पर तूफान व सात नवंबर को भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर बारिश होगी। विभाग के अनुसार समूचे राज्य में छह से आठ नवंबर तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि राज्य में नौै व 10 नवंबर को मौसम साफ बना रहेगा। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को भी मौसम साफ बना रहा। राज्य में अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर तक धूप खिली रही, मगर दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। इस दौरान राज्य के कई स्थानों पर ठंडी हवाएं भी चलीं, जिससे राज्य के कई स्थानों के तापमान में गिरावट आई है। वहीं, राज्य के कुछ स्थानों पर बीते 24 घंटों के दौरान बारिश हुई है। तीसा में सबसे ज्यादा 45 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। इसके अलावा पालमपुर में 25, मनाली में 15, डलहौजी में 11, भरमौर व चंबा में तीन मिलीमीटर बारिश हुई है। इससे न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। इस दौरान केलांग का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। केलांग में तापमान 0.2 डिग्री आंका गया है। वहीं, तापमान लुढ़कने से कल्पा, मनाली व कुफरी, डलहौजी में भी सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि राज्य में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री कम दर्ज किया गया है। ऐसे में मौसम विभाग का पूर्वानुमान अगर स्टीक बैठता है, तो आगामी दिनों के दौरान राज्य में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ जाएगा। उधर, मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों मे छह व सात नवंबर को तूफान बारिश व ओलावृष्टि होगी। राज्य में छह से आठ नवंबर तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि राज्य में नौ व 10 नवंबर को फिर से मौसम साफ बना रहेगा।

सैलानियों को राहत नहीं

मनाली – रोहतांग दर्रे पर हुए ताजा हिमपात के बाद प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि सैलानियों के वाहनों को फिलहाल मढ़ी से आगे जाने नहीं दिया जाएगा। मौसम विभाग की चेतावनी और सैलानियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन खराब मौसम की सूरत में सैलानियों के वाहनों को गुलाबा बैरियर पर ही रोकेगा। इस संबंध में एसडीएम मनाली रमन घरसंगी का कहना है कि मौसम के साफ होने के बाद ही सैलानियों को रोहतांग की तरफ भेजा जाएगा।

कहां, कितना तापमान

शहर  अधिकतम न्यूनतम

शिमला    19.4       8.9

सुंदरनगर  26.7       11.4

भुंतर       26.5       10.0

कल्पा     16.7       2.5

धर्मशाला   20.8       14.4

ऊना       29.6       14.0

सोलन     25.5       9.5

नाहन      22.9       16.9

केलांग     13.6       0.2

कांगड़ा    26.8       13.4

बिलासपुर 28.5       15.0

हमीरपुर    28.3       15.4

चंबा       24.0       10.3

डलहौजी  15.6       6.7


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App