कांग्रेस से तो कम ही लोन लिया है

By: Nov 25th, 2019 12:03 am

पत्र बम केस में रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

ऊना — किला बेदी में लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

ऊना – प्रदेश सरकार ने पूर्व कांग्रेस सरकार की तुलना में कम ही ऋण लिया है। कांग्रेस के कहने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऊना में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रदेश में कर्ज को लेकर हल्ला कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के कहने से कुछ नहीं होगा। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करीब साढ़े 40 हजार करोड़ का ऋण था। भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार की अपेक्षा में कम ही ऋण लिया है। इसके अलावा पत्र बम मामले में रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। जिस व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पत्र वायरल किया है, उस व्यक्ति की इसके पीछे क्या मंशा रही है, इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऊना जिला के दौरे के दौरान मीडिया के साथ बातचीत के दौरान कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऊना विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के उद्घाटन, शिलान्यास किए। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती के अलावा अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे। ऊना दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अवैध खनन को लेकर हल्ला कर रहे नेता प्रतिपक्ष बताएं कि उनके कार्यकाल में ऊना जिला में अवैध खनन की क्या स्थिति थी। कांग्रेस नेता को अवैध खनन को लेकर बोलने का कोई भी नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जमकर अवैध खनन को अंजाम दिया गया है। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अवैध खनन को लेकर जमकर नियमों की अवहेलना हुई।

नशा-खनन माफिया पर कसा जाएगा शिकंजा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार सत्ता में आने के बाद नशा माफिया, खनन माफिया पर शिकंजा कसा गया है। वहीं, नशा माफिया व खनन माफिया को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में विकास कार्य देखकर बौखला गई है। सरकार अपने दो वर्ष पूरे करने पर आम जनता के लिए किए गए विकास कार्यों के बारे में बताएगी। वहीं, भविष्य में जिन योजनाओं का लाभ आम जनता को पहुंचाया जाएगा, उस बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

वाह! ऊना में जल्द बनेगा ट्रांसपोर्ट नगर

ऊना शहर को बढ़ती ट्रैफिक से जल्द ही निजात मिलने वाली है। जी हां! मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऐलान किया है कि ऊना शहर में अब जल्द ही  शीघ्र ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना की जाएगी। इसके लिए भूमि व अन्य औपचारिकताओं के पूरा होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

पूरी उम्मीद, गिरते जलस्तर का कलंक भी धोएगा ऊना

ऊना – ऊना में बस स्टैंड के उद्घाटन पर जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र के जिला ऊना में पानी का जलस्तर नीचे गिरना एक बहुत ही चिंतनीय विषय है। हम सभी को इसके लिए एकजुट होकर जागरूक होना पड़ेगा। ऊना जिला के प्रशासन व जनता ने जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाकर गिरते शिशु लिंग अनुपात का कलंक धोया। मैं आशा करता हूं कि जिला पर लगे गिरते जलस्तर को भी ऊनावासी जल्द ही धोएंगे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर क्षेत्रीय अस्पताल को 200 बैड करने की मांग उठा चुके हैं। मैं दोबारा आग्रह करता हूं कि इस अस्पताल को 200 की बजाय 300 बैड का बनाया जाए और तमाम स्टाफ व अन्य सुविधाएं भी मुहैया हों।

ऊना को 35 करोड़ का हाईटेक बस स्टैंड

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया प्रदेश के पहले अत्यधुनिक बस अड्डे का शुभारंभ

ऊना – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को अत्यधुनिक सुविधाओं से लैस करीब 35 करोड़ की लागत से निर्मित बस अड्डे के उद्घाटन के मौके पर कही। इस दौरान उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती और क्षेत्र की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऊना मुख्यालय पर बना यह बस अड्डा प्रदेश का पहला बस अड्डा है, जो कि अत्यधुनिक सुविधाओं से लैस है। उन्होंने कहा कि इस बस अड्डा में आम लोगों को जरूरत की सभी वस्तुएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मात्र पौने दो साल के कार्यकाल में इस बस अड्डे का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना मुख्यालय पर जिस तरह का बस अड्डा बनाया गया है, प्रदेश के अन्य जिलों में भी इस तरह के बस अड्डे बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऊना क्षेत्र की जनता को इस आधुनिक बस अड्डा का भरपूर लाभ मिलेगा।

न्यू बस स्टैंड पर ये सब

 * 30 बसों के लिए पार्किंग फेसिलिटी

 * यात्रियों के लिए एयर कंडीशंड वेटिंग हॉल्स एंड रेस्तरां, 800 की क्षमता वाला मल्टीप्लेक्स  चालक-परिचालकों को डोरमैटरी  कन्फेक्शनरी, फास्ट फूड, स्वीट्स की 31 दुकानें

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App