गगल में रन-वे का विस्तार होते ही शुरू होंगी नई फ्लाइट्स

By: Nov 16th, 2019 4:33 pm

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर एयर इंडिया के विमान से शनिवार सुबह गगल हवाई अड्डे पर पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री के स्वागत के लिए कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर, जिलाधीश राकेश प्रजापति, पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन, जिला भाजपा अध्यक्ष संजय चौधरी और भाजपा कार्यकर्ता सनी साहनी, राजेश सयाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। हवाई अड्डे से बाहर निकलते अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस तरह गगल से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट शुरू की जा रही है, उसी तर्ज पर अन्य बड़े शहरों के लिए भी यहां से सीधी विमान सेवा तब तक शुरू नहीं की जा सकती, जब तक रन-वे का विस्तार नहीं हो जाता। अनुराग ठाकुर का कहना है कि यहां पर बड़ी फ्लाइट अभी नहीं उतर सकती हैं और जब वे यहां उतरना शुरू हो जाएंगी, तब अड््डे को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ा जा सकता है।  केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि धर्मशाला तो हिमाचल प्रदेश का गेट-वे है । यहां सारी दुनिया आना चाहती है और यहां पर पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।  पर्यटन की दृष्टि से गगल हवाई अड्डे का विस्तार बहुत जरूरी है। बड़ी-बड़ी विमान कंपनियों इंडिगो ,विस्तारा,एयर एशिया के पास छोटे विमान नहीं हैं और अगर यह हवाई अड्डा बड़ा हो जाता है तो यहां पर और भी एयरलाइंस आने को तैयार हो जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App