चोटियां बर्फ से लकदक

By: Nov 28th, 2019 12:30 am

…छूटी हिमाचल की कंपकंपी

शिमला – हिमाचल की चोटियां ताजा बर्फबारी से लकदक हो गई हैं। बर्फबारी के बाद हिमाचल के कई क्षेत्रों सहित चोटियों का नैसर्गिक नजारा मनमोहक हो गया है। हालांकि हिमपात के बाद समूचा राज्य कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है, लेकिन पर्यटन स्थलों पर पहुंचे सैलानी प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। किन्नौर, कुल्लू, शिमला, मनाली, रोहतांग व सिरमौर में ताजा बर्फबारी हुई है। राज्य के मध्यम व मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को भी मौसम खराब बना रहेगा, जबकि राज्य में 29 नवंबर से तीन दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। पहाड़ों पर मंगलवार शाम को ही बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया था। किन्नौर के छितकुल में सबसे ज्यादा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। छितकुल में अढ़ाई फीट हिमपात दर्ज किया गया है। रिकांगपिओ में एक फीट, रकछम में दो, सांगला में डेढ़ फीट तक हिमपात हुआ है। कुल्लू, सिरमौर, शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, तो मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। कल्पा के अधिकतम पारे में सबसे ज्यादा सात डिग्री की गिरावट आई है। कल्पा व केलांग का अधिकतम तापमान लुढ़ककर एक डिग्री तक पहुंच गया है। भुंतर के पारे में छह डिग्री तक की गिरावट आई है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। केलांग व कल्पा का पारा जमाव बिंदू से नीचे चल रहा है। कुफरी का पारा भी लुढ़ककर शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App