ठंडी फुहारों से कांपा सोलन

By: Nov 8th, 2019 12:23 am

सोलन – जिलाभर में मौसम का मिजाज़ बदल गया है। वीरवार तड़के से रिमझीम बारिश का दौर चलता रहा। इसके चलते तापमान में गिरावट आ गई है और ठंड में इजाफा हो गया है। बता दें कि बुधवार को जिलाभर में ठंडी हवा चलती रही। इसके बाद आसमान में बदलों ने डेरा जमाना शुरू कर दिया और देर रात बारिश की हल्की फव्वारे गिरी और लगभग दो बजे तक यही क्रम चलता रहा। दोपहर बाद बादलों के बीच से सूर्य देव ने भी दर्शन भी दिए। शाम के समय पुनः आसमान काले बादलों से घिर गया। अभी शुक्रवार तक और बारिश होने की संभावना बनी हुई है। यह बारिश आने वाले रबी फसलों की बुआई के लिए भी काफी फायदेमंद हैं। बारिश से जहां जिला में तापमान भी काफी कम हो गया है वहीं ऊपरी क्षेत्रों से आने वाली सर्द हवाओं से ठंडक बढ़ गई है। बुधवार को जहां सोलन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था वहीं वीरवार को अधिकतम तापमान करीब छह डिग्री कम हो गया और यह 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में हल्की सी वृद्धि दर्ज की गई है। डा. वाईएस परमार विवि के मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस था और वीरवार को यह बढ़कर 9 डिग्री सेल्सियस हो गया। बारिश के साथ ही लोगों ने अब सर्दियों के लिए गर्म वस्त्र पहनना शुरू कर दिया है। साथ ही कपड़ों की दुकानों में भी गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App