…तो बारिश-बर्फबारी को हो जाएं तैयार

By: Nov 21st, 2019 12:01 am

मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए जारी किया यलो अलर्ट

शिमला – हिमाचल में बारिश और बर्फबारी जनता की दिक्कतें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने राज्य में फिर से बारिश व बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के तहत 22 नवंबर को शिमला, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, चंबा, मंडी और कुल्लू में 22 नवंबर को भारी बारिश व बर्फबारी होगी। इस दौरान मैदानी इलाकों में भी कुछ जगह बारिश होगी। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीन दिन तक मौसम खराब रहेगा। राज्य में 24 व 25 नवंबर को मौसम साफ रहेगा, जबकि 26 नवंबर को राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। हिमाचल में बधुवार को भी मौसम के मिजाज बदले नजर आए। बादलों के घिरने और शीतलहरों के प्रवाह से अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। डलहौजी के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा सुंदरनगर, कल्पा, कांगड़ा व चंबा के पारे में दो डिग्री की गिरावट आई है, जबकि शेष हिमाचल में एक डिग्री तक पारा लुढ़का है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।

केलांग का पारा -3.9 डिग्री सेल्सिया

केलांग का पारा -3.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा कल्पा व मनाली में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर पहले से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है, ऐसे में अगर बारिश व बर्फबारी होती है, तो जनता की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

शहर   अधिकतम   न्यूनतम

शिमला    17.7       7.3

सुंदरनगर  21.1       6.5

भुंतर       18.2       4.7

कल्पा     13.0       1.6

धर्मशाला   18.6       9.6

ऊना       25.0       9.8

शहर   अधिकतम   न्यूनतम

सोलन     23.0       6.5

नाहन      23.0       14.3

केलांग     6.6        -3.9

कांगड़ा    21.9       10.4

चंबा       19.9       8.2

डलहौजी  11.7       8.5

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App