धर्मशाला इन्वेस्टर टीम में ओडिशा के मोदी

By: Nov 7th, 2019 12:01 am

धर्मशाला – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार देवभूमि हिमाचल प्रदेश की खेल-पर्यटन और बौद्ध नगरी धर्मशाला में पहुंच रहे हैं। वहीं इस बार पहली बार ओडिशा के मोदी भी पुलिस मैदान धर्मशाला में दिखेंगे। ग्लोबल इन्वेस्टर मीट धर्मशाला में प्रधानमंत्री पीएम मोदी सहित केंद्रीय राज्य मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी भी विशेष रूप से भाग लेंगे।  ओडिशा के सांसद प्रताप चंद्र सारंगी सांसद चुने जाने पर पीएम मोदी के बाद सबसे अधिक चर्चा में रहने वाले सांसद रहे हैं। उन्हें उनकी सादगी के लिए जाना जाता है। अब 64 साल के हो चुके प्रताप चंद्र सारंगी ने कभी साधु बनना चाहा था, और वह एकांत जीवन बिताना चाहते थे, लेकिन उनका समाज के प्रति समर्पण और जनसेवा का भाव उनको मोदी मंत्रिमंडल में ले आया है। सारंगी लंबे समय तक आरएसएस से जुड़े रहे हैं और इस बार के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बालासोर संसदीय सीट से बीजद प्रत्याशी रबींद्र कुमार जेना को 12 हजार 956 मतों से हरा दिया है। बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सारंगी को ओडिशा का मोदी भी कहा जाता है, वह दो बार ओडिशा विधानसभा के लिए चुने जा चुके हैं। चुनावों के दौरान प्रताप चंद्र सारंगी के विरोधी जहां कार से चलते थे, वहीं अधिकतर वह साइकिल का प्रयोग करते देखे जाते थे। चुनाव प्रचार में जनता से जुड़ने के लिए उन्होंने एक ऑटो रिक्शा भी किराए पर लिया था। यह पहला मौका नहीं था, जब 2019 में प्रताप चंद्र सारंगी ने लोकसभा चुनाव लड़ा हो। उन्होंने वर्ष 2014 में भी लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें रविंद्र कुमार जेना ने हरा दिया था। राष्ट्रीय चुनाव लड़ने से पहले श्री सारंगी 2004 से 2014 तक ओडिशा विधानसभा के सदस्य रहे हैं। अब वह मौजूदा समय में केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में पशुपालन विभाग, मत्स्य और स्मॉल एंड मीडियन इंट्रप्राइजेज का कार्यभार देख रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App