पौने दो करोड़ से बनेगा वीवीपैट भवन

By: Nov 21st, 2019 12:20 am

ऊना – हिमाचल प्रदेश के हर जिला स्तर पर अपना वीवीपैट भवन बनेगा। चुनाव आयोग की ओर से जहां-जहां पर यह मशीनें रखी गई हैं, उन शैक्षणिक संस्थानों को जल्द ही इससे छुटकारा मिलेगा। इसके लिए हर जिला स्तर पर अपना वीवीपैट भवन बनेगा। हिमाचल प्रदेश का पहला वीवीपैट भवन ऊना मुख्यालय पर बनेगा। इसके लिए करीब पौने दो करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। ऊना मुख्यालय पर अरनियाला के पास यह भवन बनेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने ऊना दौरे के दौरान इस भवन का शिलान्यास करेंगे। वहीं, इसके बाद अन्य जिला मुख्यालयों पर भी यह भवन बनाने की कवायद शुरू होगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने इसकी पुष्टि की है। सतपाल सत्ती ने कहा कि हर जिला मुख्यालय पर वीवीपैट भवन बनेंगे। इससे पहले जिला मुख्यालयों पर कालेजों में यह मशीनें रखी जा रही हैं। ऊना कालेज में भी यह मशीनें रखी गई हैं। जिसके चलते कालेज स्टूडेंट्स को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष उठाया गया था। ड्ढसके चलते इसे चुनाव आयोग के समक्ष भी उठाया गया। वहीं, आगामी प्रक्रिया के लिए भेजा गया। अब हर जिला मुख्यालय पर वीवीपैट भवन बनाने को अनुमति मिल पाई है। उल्लेखनीय है कि चुनावों के दौरान जिला मुख्यालय पर सरकारी कालेजों में यह मशीनें रखी जाती हैं। इसके चलते स्टूडेंट्स की पढ़ाई भी बाधित होती है। चुनावी मतगणना के अलावा अन्य गतिविधियों के लिए यहां पर अधिकारियों, कर्मचारियों की आवाजाही रहती है, लेकिन अब जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके चलते प्रदेश के पहले अपने वीवीपैट भवन का शिलान्यास मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ऊना दौरे के दौरान करेंगे। सतपाल सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App