प्याज 80 रुपए किलो, बिगड़ा रसोई का जायका

By: Nov 7th, 2019 12:28 am
घुमारवीं में गृहिणियाें का बिगड़ा बजट, लोगाें को करना पड़ रहा दिक्कताें का सामना

घुमारवीं –प्याज के बढ़ते दाम लोगों के आंसू निकाल रहा है। एक सप्ताह में प्याज के दाम में उछाल से रसोई का जायका बिगड़ गया है। सब्जियों तथा सलाद की प्लेट से प्याज गायब हो गया है। प्याज के रेट एक सप्ताह में ही 50 से 80 रुपए तक पहुंच गए हैं। प्याज के दाम बढ़ने के साथ ही लोगों ने इसकी खरीद भी कम कर दी है। हाल ही में लोगों को प्याज के दामों में गिरावट से राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से प्याज के दाम बढ़ना शुरू हो गए हैं। इससे इस समय बाजारों में प्याज का दाम 80 रुपए तक पहुंच गया है। प्याज के दाम लगातार बढ़ने से गृहिणियों का बजट भी गड़बड़ा गया है। गृहिणियां भी सब्जियों में ज्यादा प्याज डालने से परहेज कर रही हैं। प्याज के दाम बढ़ने से लोग इसकी खरीद भी कम कर रहे हैं। हालांकि, शादियों का सीजन होने के कारण प्याज की डिमांड भी बढ़ी है, लेकिन आम घरों की रसोई में प्याज के प्रयोग में कमी आई है। प्याज को लोग रसोई में सब्जियों के जायके व सलाद के तौर पर प्रयोग करते हैं। आम लोग अपनी रसोई में प्याज का भरपूर इस्तेमाल करते हैं, लेकिन प्याज के लगातार बढ़ रहे दाम के कारण रसोई से प्याज धीरे-धीरे गायब होने लग गया है। रेस्टोरेंट तथा होटलों में भी सलाद की प्लेट से प्याज गायब हो गया है। प्याज की जगह ग्राहकों को मूली का सलाद परोसा जा रहा है। प्याज पिछले हफ्ते जहां 40 से 50 रुपए किलो बिक रहा था। वहीं, बुधवार को प्याज के दाम 70 से 80 रुपए प्रतिकिलो तक पहुंच गए हैं। अचानक दाम बढ़ने से लोग परेशान हैं। दाम बढ़ने से प्याज की सप्लाई भी कम हो गई है। सब्जी विक्रेताओं सुरजीत, संजय, विनोद व करतार सहित अन्यों की मानें तो बाहरी राज्यों में बरसात के कारण प्याज की फसल खराब हो गई है तथा लोकल प्याज अभी आना शुरू नहीं हुआ है। इसके कारण प्याज के दामों में वृद्धि हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App