प्रदेश के अस्पतालों में तैनात होंगे 300 डाक्टर

By: Nov 11th, 2019 12:30 am

दिसंबर तक चिकित्सकों के अलावा रखे जाएंगे 263 स्टाफ नर्स, 80 हैल्थ वर्कर

नाहन –अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले के दौरान रेणु मंच के सामने लगी स्वास्थ्य विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हिमाचल प्रदेश डा. अजय गुप्ता ने किया। वहीं ददाहू सिविल हॉस्पिटल का भी दौरा निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं ने किया। इस दौरान सिविल अस्पताल की डाक्टरों की समस्याओं को लेकर पंचायत के उपप्रधान पंकज गर्ग की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल डायरेक्टर हैल्थ को प्रदर्शनी में मिला। वहीं उन्हें बताया गया है कि ददाहू सिविल अस्पताल में डाक्टरों के आठ पद स्वीकृत हैं, जिसमें से मात्र दो डाक्टरों पर 25 पंचायतों की जनता का दारमदार टिका है। वहीं अस्पताल में नर्सों के भी छह में से चार पद खाली चल रहे हैं, जिससे यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। इस दौरान डायरेक्टर हेल्थ हिमाचल प्रदेश डा. अजय गुप्ता ने बताया कि दिसंबर, 2019 तक प्रदेश में 300 डाक्टरों की नियुक्ति होने जा रही है, जिसमें से चार से पांच डाक्टर ददाहू सिविल अस्पताल में नियुक्त कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी तरह से दिसंबर अंत तक स्टाफ नर्स के प्रदेश भर में 263 तथा फीमेल हैल्थ वर्कर्ज के 80 पद भरने की प्रक्रिया जारी की जा रही है। वहीं डायरेक्टर ने बताया कि इसके अलावा वार्ड सिस्टर तथा मेल सुपरवाइजर की पदोन्नति भी होने जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App