प्रोजेक्ट शिवा को 10 मिलियन डालर

By: Nov 12th, 2019 12:06 am

एडीबी देगा पैसा, सबट्रॉपिकल फलों के विकास पर होगा खर्च

शिमला – एशियन डिवेलपमेंट बैंक (एडीबी) ने हिमाचल के प्रोजेक्ट शिवा को मंजूरी दे दी है। सबट्रॉपिकल प्रोजेक्ट के अधीन आने वाले इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए 10 मिलियन डालर की राशि हिमाचल को मिलेगी। इससे राज्य के चार जिलों में सिंचाई और बागबानी का काम किया जाएगा। इसकी सफलता पर ही यहां सबट्रॉपिकल प्रोजेक्ट निर्भर करता है, लिहाजा सरकारी विभाग इस परियोजना को सफल बनाने के लिए गंभीरता दिखाने को तैयार हैं। बता दें कि एडीबी फंडिड प्रोजेक्ट शिवा में सिरमौर जिला को फिलहाल बाहर कर दिया है। यह पायलट प्रोजेक्ट में शामिल था, जिसे एशियन डिवेलपमेंट बैंक ने बाहर कर दिया है। अब इसे मुख्य परियोजना में रखा जाएगा। पायलट परियोजना, जिसके लिए 10 मिलियन डालर की राशि मंजूर हुई है, में बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी व कांगड़ा जिला को शामिल किया गया है। बताया जाता है कि अब पर्यावरणीय मंजूरी लेने, भूमि अधिग्रहण करने के अलावा इसके टेंडर की प्रोसेस अगले चार-पांच महीने में कर दी जाएगी। फरवरी महीने तक टेंडर की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कह दिया गया है। एचपी शिवा प्रोजेक्ट, यहां पर सबट्रॉपिकल फलों को डिवेलप करने के लिए दिया गया है। इसमें पायलट आधार पर चार जिलों में देखा जाएगा कि वहां पर कितनी संभावनाएं हैं। यहां पर फलों के उत्पादन के साथ उनकी सिंचाई की व्यवस्था भी इस प्रोजेक्ट में शामिल है। पहले सेब के लिए ही प्रोजेक्ट आते रहे हैं, लेकिन अब सबट्रॉपिकल फलों के लिए भी एडीबी मदद कर रहा है। इससे निचले हिमाचल के लोगों की आमदनी बढ़ेगी और दूसरी प्रजातियों के फलों को भी बढ़ावा मिल पाएगा। इन फलों के लिए विशेष रूप में पहले कोई प्रयास नहीं हो सके हैं, जो पहली बार किए जा रहे हैं। शिवा प्रोजेक्ट के तहत इस पायलट परियोजना में चार जिलों में 29 स्कीमों को चिन्हित किया गया है। इन पर एडीबी की टीम ने पूरा मंथन किया है। करीब दो सप्ताह तक यहां पर कागजी कार्यवाही पूरी की गई है, जिसके बाद एडीबी ने अपनी मंजूरी दे दी है। पायलट आधार पर काम करने पर सफलता मिलती है तो प्रदेश में सबट्रॉपिकल फलों का विस्तार होगा और किसानों की आर्थिकी मजबूत हो सकेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App