बादल छाए, ठंड से कांपने लगे पहाड़

By: Nov 3rd, 2019 12:02 am

तापमान में गिरावट, आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार

शिमला –हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। शनिवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। आसमान में काले बादलों के घिरने से पहाड़ों पर ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहेगा। राज्य में चार व पांच नवंबर को मौसम साफ बना रहेगा, मगर छह से आठ नवंबर तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश भी होगी। इससे हिमाचल को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। शनिवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। आसमान में दिन भर बादल छाए रहे। वहीं, राज्य के कई स्थानों पर ठंडी हवाएं भी चलीं। इससे तापमान में भारी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान केलांग का पारा लुढ़क कर 8.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा राज्य के ऊना में पांच, डलहौजी, सुंदरनगर, भुंतर, सोलन व हमीरपुर के पारे में चार, बिलासपुर व चंबा के तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट आई है। वहीं, शिमला, कल्पा, धर्मशाला में दो डिग्री तक पारा लुढ़का है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।इतना ही नहीं, अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। केलांग का न्यूनतम पारा लुढ़क 0.7 डिग्री तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से पहाड़ों पर सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड पडने लगी है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर रविवार को भी कुछ स्थानों पर बारिश होगी। राज्य में चार व पांच नवंबर को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि छह से आठ नवंबर तक मौसम खराब रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App