मुख्यमंत्री का कांगड़ा दौरा स्थगित, आज जाएंगे दिल्ली

By: Nov 19th, 2019 12:01 am

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार को अचानक दिल्ली रवाना हो रहे हैं। पहले उनका कांगड़ा जाने का कार्यक्रम था, जो फिलहाल स्थगित हो गया है। माना जा रहा है कि प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं को लेकर सीएम दिल्ली जा रहे हैं, जो वहां आला नेताओं से मुलाकात करेंगे। वह मंगलवार को दोपहर 12 बजे शिमला से दिल्ली के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना होंगे। सूत्रों के अनुसार कैबिनेट के विस्तार को लेकर जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात हो सकती है, वहीं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व संगठन के दूसरे नेताओं से भी चर्चा होगी। कुछ केंद्रीय मंत्रियों से भी सीएम को मिलना है। अभी तक उनके जाने का कार्यक्रम ही तय हुआ है, जो कब लौटेंगे, यह तय नहीं है। कांगड़ा के प्रस्तावित दौरे को छोड़कर सीएम का दिल्ली जाना कई चर्चाओं को जन्म दे रहा है। दिल्ली में हाइकमान से चर्चा होगी कि मंत्रिमंडल में एक पद भरा जाए या दोनों। ये कुर्सियां हथियाने के लिए यहां कई तलबगार बैठे हैं और बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। सीएम ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि जल्दी ही अच्छा दिन आएगा। वहीं इन्वेस्टर्स मीट से पहले भी वह कह चुके हैं कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द कर दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App