रोहतांग-लाहुल-स्पीति में बर्फबारी

By: Nov 8th, 2019 12:22 am

खराब मौसम ने बढ़ाई कबायलियों की दिक्कतें; रोहतांग दर्रे पर दो फुट ताजा हिमपात दर्ज, सोलंगनाला ने भी ओढ़ी बर्फ की चादर

केलांग – रोहतांग दर्रे सहित लाहुल-स्पीति में गुरुवार को भारी हिमपात दर्ज किया गया है। भारी बर्फबारी के चलते जहां लाहुल का संपर्क मनाली से कट गया है, वहीं स्पीति घाटी को मनाली से जोड़ने वाले काजा-ग्रांफू सड़क पर रफ्तार रुक गई है। ऐसे में खराब मौसम ने जनजातीय जिला के लोगों की दिक्कतें बढ़ा डाली है। जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रे पर बुधवार देर रात से ही जहां हिमपात को दौर शुरू हो गया था, वहीं गुरुवार देर शाम तक रोहतांग दर्रे पर करीब दो फुट ताजा हिमपात दर्ज किया गया था। दर्रे पर भारी बर्फबारी के चलते घाटी के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। बात यहां मनाली की करें तो गुरुवार को मनाली में भी बादलों के बरसने का दौर दिन भर चलता रहा। मनाली के स्नों प्वाइंट सोलंगनाला में भी करीब छह इंच बर्फबारी दर्ज की गई है। ऐसे में सोलंगनाला में गुरुवार को सैलानियों ने यहां बर्फबारी के बीच जमकर मस्ती की। यही नहीं, रोहतांग दर्रे के सीमप गुलाबा व कोठी में भी हिमपात का दौर गुरुवार को दिन भर चलता रहा। भारी बर्फबारी के चलते मनाली-रोहतांग सड़क पर वाहनों की आवाजाही गुरुवार को ठप रही। खराब मौसम के कारण मनाली के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। देश-विदेश से मनाली घूमने आने वाले सैलानियों को जहां मनाली का ठंडा मौसम काफी पसंद आ रहा है, वहीं सैलानियों की मानें तो विंटर सीजन में मनाली पहुंच कर उन्हें बर्फबारी देखने का जो मौका मिला वह जिंदगी भर उन्हें याद रहेगा। पर्यटन नगरी मनाली में गुरुवार सुबह से ही बादलों के बरसने का दौर जहां शुरू हो गया था, वहीं रोहतांग, गुलाबा, मढ़ी, सोलंगनाला, अंजनी माहादेव में बर्फबारी होने से यहां सैलानियों की चहलकदमी भी अधिकत देखी गई। हालांकि प्रशासन ने मनाली-रोहतांग सड़क पर वाहनों की आवाजाही को बंद कर रखा है, वहीं सोलंगनाला में गुुरुवार को सैलानियों की खासी भीड़ देखने को मिली। मनाली में जहां बारिश के बीच मालरोड से रौनक गायब रही, वहीं मनाली के स्नो प्वाइंट्स पर बर्फबारी का दौर शुरू होने से यहां सैलानियों का खासा सैलाब उमड़ा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App