लोकतंत्र की हत्या कर रहा केंद्र

By: Nov 14th, 2019 12:01 am

महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन से नाराज रजनी पाटिल

शिमला – कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने आरोप लगाया है कि देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। केंद्र की मोदी सरकार देश के सभी राज्यों का रिमोट कंट्रोल अपने पास रखना चाहती है, ताकि पूरे देश पर जबरन एकाधिकार कर अपना प्रभुत्व जमाया जा सके। एक बयान में उन्होंने कहा कि हरियाणा के बाद महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद बनी स्थिति पर भी केंद्र सरकार ने सत्ता हासिल करने को पूरी जोर-आजमाइश की, लेकिन जब दाल नहीं गली, तो राष्ट्रपति शासन को हथियार बनाया। ऐसी क्या मजबूरी रही कि भाजपा को सरकार बनाने के लिए राज्यपाल ने 48 घंटे का समय दिया, लेकिन शिवसेना व राकांपा को मात्र 24-24 घंटे की अवधि निर्धारित की गई, जबकि कांग्रेस को सरकार बनाने का न्योता ही नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या करने जैसा है, जहां अपनी मनमानी कर सरकार बनाने का अवसर ही प्रदान नहीं किया गया। रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस द्वारा प्रत्येक जिला में जन आक्रोश रैलियों का आयोजन किया तथा इसी कड़ी में 14 नवंबर को शिमला में रैली का आयोजन होगा। इन रैलियों में सरकार को बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था व निम्र स्तर तक पहुंची अर्थव्यवस्था के प्रति जगाया जा रहा है।

सीएम के गृह जिला में बुजुर्ग से ज्यादती

रजनी पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिला में बुजुर्ग महिला के साथ हुई ज्यादती ने कानून व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खोलकर रख दी है। पूरा प्रदेश पीडि़त बुजुर्ग व उसके परिवार के साथ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App