संस्कृत के लिए दिल्ली में मुख्यमंत्री को सम्मान

By: Nov 11th, 2019 12:04 am

 हिमाचल में दूसरी भाषा का दर्जा देने पर उपराष्ट्रपति ने नवाजे

शिमला –नई दिल्ली में संस्कृत भारती द्वारा आयोजित विश्व सम्मेलन में उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें राज्य में संस्कृत को दूसरी भाषा का दर्जा देने के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत केवल हमारे देश की भाषा नहीं, बल्कि अपनी समृद्धता के कारण यह एक वैश्विक भाषा है। राज्य सरकार प्रदेश में संस्कृत भाषा के विस्तार के लिए राज्य में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने पर विचार कर रही है। संस्कृत भाषा हमारी समृद्ध धरोहर और पहचान के साथ जुड़ी है, इसलिए इसे बढ़ावा और संरक्षण देने की आवश्यकता है। राज्य सरकार संस्कृत भाषा को और अधिक लोकप्रिय बनाने के प्रयास करेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे बोलने और संवाद करने के लिए अपनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर वाला देश है और हमें इसे संरक्षित करने के लिए ईमानदारी से प्रयास करने चाहिए। कोई भी देश अपनी समृद्ध विरासत और मूल्यों की अनदेखी कर प्रगति नहीं कर सकता।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App