सूची लेकर दिल्ली जाएंगे राठौर

By: Nov 24th, 2019 7:40 pm

महाराष्ट्र का विवाद थमने के बाद जाने की योजना

आज राम लाल कर सकते हैं मुलाकात

14 दिसंबर को दिल्ली रैली पर भी मंथन

शिमला –अपनी नई कार्यकारिणी की सूची लेकर कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर दिल्ली जाएंगे। दिल्ली में इस सूची पर आखिरी मुहर लगेगी। जो नाम इस सूची में डाले गए हैं उनपर प्राथमिक चर्चा का दौर पूरा हो चुका है जिसके बाद उम्मीद  है कि जल्दी ही इस सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उधर महाराष्ट्र के विवाद के चलते कार्यकारिणी की घोषणा में देरी हो सकती है। अभी कांग्रेस के नेता राम लाल ठाकुर भी दिल्ली चले गए हैं जिनकी सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात प्रस्तावित है। वह देखेंगे कि सोनिया गांधी से मुलाकात हो जाए जिसके लिए उन्हें वहां रूकना भी पड़ सकता है। रविवार को राम लाल ठाकुर चंडीगढ़ में थे। हालांकि उन्होंने संगठन की कारगुजारियों के साथ विधानसभा उप चुनाव मंे हार को लेकर बातचीत करनी है लेकिन कुछ दूसरे मुद्दे भी यहां पर उठ सकते हैं। उधर अपनी कार्यकारिणी की सूची लेकर खुद कुलदीप सिंह राठौर भी दिल्ली जाएंगे। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह के अंत तक वह दिल्ली जा सकते हैं क्योंकि उनका खाका लगभग तैयार हो चुका है। वैसे भी 14 दिसंबर को कांग्रेस दिल्ली के राम लीला मैदान में मोदी सरकार के खिलाफ देश व्यापी रैली करने जा रही है जिसमें हिमाचल प्रदेश से कितने कार्यकर्ता जाएंगे और उनकी व्यवस्था किस तरह की रहेगी इसपर भी चर्चा होनी है। पहले 30 नवंबर को यह रैली प्रस्तावित थी जोकि अब अगले महीने होगी। यहां बता दें कि पदाधिकारियों को जिम्मेदारी देने के बाद ही इस तरह के कार्यक्रम सफल रहते हैं लिहाजा उम्मीद है कि इस रैली के आयोजन में नए पदाधिकारी ही जुड़ेंगे। यही वजह है कि नए कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से अंजाम तक पहुंचाने के लिए राठौर शीघ्र अपने सिपहसालारों  की घोषणा कर देंगे। दिल्ली गए राम लाल ठाकुर की सोनिया गांधी से मुलाकात को भी अहम माना जा रहा है। इस मुलाकात के दौरान वह क्या कुछ चर्चा करते हैं और उसके बाद हाइकमान कोई निर्देश देता है इसपर भी कांग्रेस नेताओं की नजर है। बता दें कि सोनिया गांधी से मिलने का समय राम लाल ठाकुर ने मांगा था जिसके बाद वह दिल्ली गए हैं। मगर महाराष्ट्र के विवाद के चलते उनकी मुलाकात होगी या नहीं इसपर संशय भी बरकरार है।

कार्यकारिणी गठन को लेकर प्राथमिक चर्चाओं का दौर पूरा हो चुका है। महाराष्ट्र विवाद के बाद दिल्ली जाकर बातचीत होगी।

– कुलदीप सिंह राठौर, अध्यक्ष कांग्रेस


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App