सोलन के तीन उद्योगों में आग, लाखों का नुकसान

By: Nov 21st, 2019 12:22 am

सोलन – सोलन शहर के आसपास  बुधवार को तीन उद्योगों में आग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान अग्निशमन विभाग को भी आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे इंडस्ट्रियल एरिया चंबाघाट में दो उद्योगों में आग लग गई। दोनों ही उद्योगों में पाइप बनाने का कार्य किया जाता है। आलम यह था कि देखते ही देखते आग ने उद्योग को अपनी आगोश में ले लिया। आग की बढ़ती लपटों को देखते हुए इसकी सूचना अग्निशमन को दी गई। अग्निशमन विभाग की दो गाडि़यों ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाला और लपटों को शांत किया। लेकिन तब तक लाखों रुपयों का नुकसान हो चुका था। पाइप बनाने वाले इस उद्योग में रखा अधिकतर कच्चा माल आग की भेंट चढ़ गया।  इसके अतिरिक्त इसी उद्योग के पड़ोस में दूसरे उद्योग की खिड़कियां एवं दरवाजे भी आग की भेंट चढ़ गए। बताया जा रहा है कि एक उद्योग को पांच लाख जबकि दूसरे उद्योग को 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा दोपहर बाद सोलन के समीप घटी में एक फार्मा उद्योग में आग की घटना सामने आई। यहां पर उद्योग की ड्रायर मशीन में आग लग गई। इसकी सूचना भी अग्निशमन विभाग को दी गई। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर यहां भी एक बड़ी घटना को टाल दिया। फार्मा उद्योग को करीब दो लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। 

क्या कहते हैं लीडिंग फायर मैन

अग्निशमन केंद्र सोलन के इंचार्ज और लीडिंग फायर मैन राजेंद्र सैन ने कहा कि पहली घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे तथा आग की दूसरी घटना दोपहर बाद करीब अढ़ाई बजे हुई।  विभाग ने दोनों ही स्थानों के लिए दो-दो गाडि़यां भेजी और आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि कारणों का पता लगाया जा रहा है। कुल मिलाकर तीनों उद्योगों को करीब साढ़े सात लाख रुपए का नुकसान हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App