सोलन में प्रकाश पर्व पर आस्था का सैलाब

By: Nov 11th, 2019 12:30 am

गुरु नानक देव के 550वें पर्व पर शहर में निकला भव्य नगर-कीर्तन; जगह-जगह जत्थे का लोगों ने किया स्वागत

सोलन –श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा सिंह सभा अप्पर बाजार द्वारा शहर में यह कार्यक्रम करवाया गया। पांच प्यारों की अगवाई में नगर-कीर्तन दुर्गा क्लब से आंरभ होकर गंज बाजार, माल रोड होते हुए बाइपास, चंबाघाट होते हुए गंज बाजार स्थित श्री गुरुद्वारे साहिब में पहुंचा। इस दौरान विभिन्न जगहों पर जत्थे का स्वागत किया गया। नगर-कीर्तन में गतका पार्टी ने अपने जौहर के जरिए लोगों को जहां अपनी ओर आकर्षित किया। जबकि कीर्तन जत्थों व स्थानीय रागियों ने शबद कीर्तन गायन कर नगर कीर्तन में भाग लिया। इस अवसर पर शहर में जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया। गुरुद्वारा सिंह सभा अप्पर बाजार के सभी सदस्यों ने श्री गुरू नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व कि बधाई देते हुए कहा की प्रकाश पर्व के अवसर पर नगर कीर्तन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव ने लोगों को आपसी भाईचारे व प्रेम का संदेश दिया है, जिसका हम सबको अनुसरण करना चाहिए और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

नगर कीर्तन से सड़कें जाम

गुरु सिंह सभा अपर बाजार द्वारा निकाले गए नगर कीर्तन के दौरान शहर की सड़कें जाम हो गई। मालरोड से लेकर बाइपास, ओल्ड बस स्टैंड, सहित राजगढ़ रोड पर जाम लगा रहा। इस दौरान जाम से बचने के लिए लोगों ने आधे रास्ते से ही वाहन वापस मोड़ लिए। इस प्रकार जाम की स्थिति शाम तक बनी रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App