हिमालयन राज्यों में तीसरे नंबर पर हिमाचल

By: Nov 5th, 2019 12:01 am

धर्मशाला – देश के सभी हिमालयन राज्यों में तीसरे नंबर पर हिमाचल की प्रति व्यक्ति आय है। इतना ही नहीं, हर वर्ष 10 प्रतिशत आय में बढ़ोतरी भी हो रही है। हिमाचल से पहले प्रति व्यक्ति आय में सिक्किम पहले और उतराखंड दूसरे स्थान पर काबिज है। वहीं देश के सभी राज्यों की बात की जाए, तो हिमाचल की प्रति व्यक्ति आय 13वें स्थान पर है। ग्लोबल इन्वेस्टर मीट धर्मशाला में प्रदेश सरकार द्वारा 85 हजार करोड़ के निवेश और डेढ़ लाख नौकरी के शुरू होने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है।  पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय मौजूदा समय में 1,79,523 रुपए है, वहीं इस समय में ही भारत की प्रति व्यक्ति आय हिमाचल से काफी कम 1,26,404 रुपए है। भारत में हिमाचल प्रति व्यक्ति आय में 13वें और हिमालयन राज्यों में तीसरे पायदान पर बना हुआ है। वहीं हिमाचल की इकोनॉमी में भी प्रतिवर्ष जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। वर्ष 2017-18 में प्रदेश की इकोनॉमी 1.1 लाख करोड़ थी, जो कि वित्तिय वर्ष 2018-19 में 1.69 लाख करोड़ पहुंच गई है। हिमाचल की इकोनॉमी में सबसे अहम रोल सर्विस इंडस्ट्री का है, जिसमें 43 प्रतिशत का शेयर है, इसके बाद 42 प्रतिशत इंडस्ट्री का शेयर हिमाचली इकोनॉमी में है। हिमाचल की 93 प्रतिशत जनसंख्या एग्रीक्लचर पर किसी न किसी प्रकार से निर्भर करती है, जबकि इसमें मात्र 15 फीसदी इकोनॉमी का हिस्सा शामिल है। इसके चलते अब प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश बढ़ाने की योजना बनाई गई है, जिसमें एग्रीकल्चर में भी मुख्य रूप से फोकस किया जा रहा है। हालांकि कृषि के तहत अब तक प्रदेश सरकार मात्र एक एमओयू साइन करने में सफल हो पाई है, जिसमें 125 करोड़ निवेश होने की संभावना है। इसके अलावा सरकार ने शिक्षा में 42 एमओयू 1460 करोड़, स्वास्थ्य में तीन (620 करोड़), बागबानी में चार (52 करोड़), आवास में 31 (12277 करोड़), उद्योग 207 एमओयू में 13681 करोड़, सूचना प्रौद्योगिकी में 11 से 1814 करोड़, ऊर्जा में 15 से 27812 करोड़, पर्यटन में 192 से 14955 करोड़, परिवहन में आठ (2745 करोड़), शहरी विकास 22 से 5392 करोड़, आयुर्वेद में 35 (972 करोड़) और तकनीकी शिक्षा में आठ (354 करोड़) एमओयू हो चुके हैं। अब तक प्रदेश सरकार इन्वेस्टर मीट से पहले ही लगभग 45 हजार करोड़ के एमओयू साइन कर चुकी है, जबकि लक्ष्य 85 हजार करोड़ रुपए का रखा गया है, जिससे डेढ़ लाख नौकरियां भी प्रदेश में सृजित किए जाने का लक्ष्य शामिल है। उधर, प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला पहुंचते ही इन्वेस्टर मीट की तैयारियों को लेकर समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े स्तर पर निवेश किया जाएगा। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App