अनिल चौधरी धर्मशाला भाजपा के चीफ

By: Dec 1st, 2019 12:29 pm

पार्टी हाइकमान ने जिला परिषद सदस्य को सौंपी जिम्मेदारी, दो बार पंचायत प्रधान रहे नेता को अहम जिम्मेदारी

धर्मशाला  – भारतीय जनता पार्टी ने मंडल अध्यक्ष पद के लिए चुनाव करवाने के बजाय जिला परिषद सदस्य अनिल चौधरी को मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया है। अनिल को मंडल अध्यक्ष का जिम्मा सौंप कर भाजपा ने चौधरी समुदाय को पार्टी के पक्ष में खड़ा करने का दांव खेला है। अनिल चौधरी अपने समुदाय ही नहीं पूरे क्षेत्र में बड़ा जनाधार रखते हैं। वह स्वयं जिला परिषद सदस्य हैं और उनकी पत्नी पंचायत प्रधान हैं। इतना ही नहीं अनिल भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री के साथ-साथ पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भी हैं। अनिल चौधरी के क्षेत्र में बड़े जनाधार व ईमानदार छबी के कारण भाजपा ने उपचुनाव से पहले उनका नाम प्रत्याशियों की सूची में भी भेजा था। एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में पहचान रखने वाले घणा के अनिल चौधरी ने अब राजनीतिक क्षेत्र में भी लंबी पारी खेलने का जिम्मा संभाल लिया है। पूर्व मंत्री किशन कपूर के सांसद बनने और धर्मशाला को विशाल नैहरिया के रूप में नया विधायक बनने के बाद संगठनात्मक ढांचे में भी परिवर्तन होना था। ऐसे में नए माहौल के बीच मंडल अध्यक्ष बनने की लंबी होती सूची को देखते हुए भाजपा हाइकमान ने सारे समीकरणों को देखते हुए अनिल चौधरी पर दांव खेला है। विधानसभा उपचुनाव में फिर से टिकट गद्दी समुदाय को देने के चलते चौधरी समुदाय ने एकता दिखाते हुए अपना आजाद प्रत्याशी उतार दिया था। इतना ही नहीं आजाद प्रत्याशी के पक्ष में हुए मतदान के बाद भाजपा ने भविष्य की रणनीति बनाते हुए क्षेत्र के सबसे बड़े समुदाय को साधने के लिए अनिल चौधरी पर विश्वास जताया है। जिससे शहरी क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष बनने वालों को रोकने के साथ साथ वर्ग विशेष को भी साधा जा सके।  अनिल चौधरी समुदाय ही नहीं अन्य वर्गों में भी अपने काम के कारण खासी पैठ रखते हैं। अनिल चौधरी की गिनती सांसद किशन कपूर के करीबियों में की जाती है। इसके साथ-साथ वह निर्विवादित चेहरा भी हैं। अनिल चौधरी के मंडल अध्यक्ष बनने किसान मोर्चा और पंचायती राज प्रकोष्ठ सहित समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर है। चौधरी के मनोनयन का जैसे ही समाचार आया उन्हें बधाइयां देने वालों का भी तांता लग गया। किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष राकेश चौहान ने चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि ईमानदार छबी के कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर भाजपा ने पार्टी व संगठन को मजबूत किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App