आज से बारिश और बर्फबारी

By: Dec 31st, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल में मंगलवार से मौसम रौद्र रूप दिखाएगा। मौसम विभाग ने मंगलवार से शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, डलहौजी, किन्नौर व लाहुल-स्पीति में बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई है। मैदानी इलाकों में नए साल के पहले दिन बारिश का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में चार जनवरी तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान राज्य में दो व तीन जनवरी को मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। दो दिन के दौरान अनेक स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि राज्य में पांच जनवरी को मौसम साफ रहेगा। प्रदेश में सोमवार को भी मौसम के मिजाज बदले नजर आए। आसमान में काले बादलों के घिरने से अधिकतम तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई है। अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आंकी गई है। सोलन के पारे में चार डिग्र्री की गिरावट आई है। वहीं, डलहौजी में तीन, शिमला व सुंदरनगर में दो डिग्र्री तक तापमान लुढ़का है। राज्य के न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी आंकी गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App