एक नजर

By: Dec 23rd, 2019 12:02 am

एक नजर चीन में नौका  डूबी, सात लापता

हंगझोउआ। चीन के झेजियांग प्रांत में मछली पकड़ने वाला एक नौका के समुद्र में डूब जाने के बाद 11 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि सात अन्य लापता हैं। प्रांत के कृषि एवं ग्रामीण मामलों से संबंधित विभाग ने रविवार को बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे झोउशान से करीब 180 समुद्री  मील दूर  मछली पकड़ने वाली एक नौका डूब गई। दुर्घटना के बाद से अब तक 11 लोगों को बचा लिया गया है, लेकिन सात लापता हैं। बचाव अभियान में कुल 26 पोतों को लगाया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल

सका है।

ताजमहल की सुरक्षा बढ़ाई, लगातार गश्त

आगरा। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर देशभर में हो रहे बवाल को देखते हुए ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। दो मजिस्ट्रेटों की अलग से ड्यूटी लगाई है। होटलों पर भी खुफिया नजर रखी जा रही है। स्मारक के अंदर और बाहर चौकसी बढ़ा दी गई है। बाहरी जोन में पुलिस की गश्त लगातार जारी है। सभी बैरियरों पर आने और जाने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही है। मजिस्ट्रेटों द्वारा इनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। वीकएंड पर भीड़ ज्यादा आने की संभावना को देखते हुए सीआईएसएफ के जवानों द्वारा भी सघन चेकिंग की जा रही है। ताजमहल के अंदर सीआईएसएफ के जवान हर सैलानी पर नजर रखे हुए हैं। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि किसी तरह का शक होने पर तत्काल पूछताछ की जाए। ताजमहल के पार्श्व में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। टावरों पर पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। दशहरा घाट पर भी चौकसी पहले से ज्यादा बढ़ा दी गई है। होटलों में आने-जाने वाले सैलानियों के पहचानपत्रों को बारीकी से देखा जा रहा है।

पादरियों पर 175 बच्चों के यौन शोषण का आरोप

मैक्सिको सिटी। रोमन कैथलिक चर्च की मैक्सिकन शाखा से जुड़े पादरियों पर कई बच्चों के यौन शोषण का आरोप लगा है। एक आंतरिक रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि चर्च से संबद्ध पादरियों ने कम से कम 175 बच्चों का यौन शोषण किया। रिपोर्ट के अनुसार लीगनरीज ऑफ क्राइस्ट के संस्थापक मार्शियल मैसिएल ने कम से कम 60 बच्चों का यौन शोषण किया। वर्ष, 1941 के बाद से कुल 33 पादरियों या छोटे पादरियों ने किशोर उम्र के बच्चों का यौन शोषण किया है। रिपोर्ट में 1941 से लेकर 16 दिसंबर 2019 तक के मामलों की जानकारी दी गई है। इस संबंध में एक बयान में कहा गया है कि अधिकतर पीडि़तों में से 11 से 16 वर्ष की आयु के किशोर लड़के हैं। इसमें कहा गया है कि यौन शोषण करने वाले 33 में से 18 पादरी अब भी संगठन का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें जनता या नाबालिगों से जुड़े कार्यों से हटा दिया गया। मैसिएल को यौन शोषण के आरोपों का वर्षों तक सामना करने के बाद पोप बेनेडिक्ट ने 2006 में जिंदगी भर के लिए प्रार्थना करने के अधिकार से वंचित करने का आदेश दिया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App