कांग्रेस संस्कारी पार्टी, महंगाई पर अपने तरीके से कर रही विरोध

By: Dec 9th, 2019 12:20 am

सोलन – पूर्व मंत्री एवं सोलन के विधायक धनीराम शांडिल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से सभी विकासकार्य ठप पड़े हुए हैं। शनिवार देर शाम को सोलन में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार बनने से पहले भाजपा कहती थी कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश को केंद्र से ज्यादा धन मिलेगा, लेकिन अब सब उल्ट हो रहा है। उन्होंने कहा कि धन तो नहीं आ रहा इसके विपरित देश मेंआर्थिक मंदी ने लोगों की हालत खराब करना शुरू कर दी है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण ही देश के लोगों को आज आर्थिक मंदी का सामना करना पड़ रहा है। शामती बाइपास, वेंडर मार्केट, सर्किट हाउस का कार्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डाक्टरों की कमी पूरी नहीं हुई है। वर्तमान में प्याज की कीमत आसमान छू रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि यह सब कार्य कांग्रेस कार्यकाल में लटके होते और भाजपा विपक्ष में होती तो अब तक भाजपा के नेता गले में प्याज की माला लटका कर प्रदर्शन कर रहे होते, लेकिन कांग्रेस एक संस्कारी पार्टी है। कांग्रेस महंगाई का विरोध कर रही है, लेकिन अपने तरीके से। उन्होंने कहा कि सोलन में पानी की समस्या है। नगर परिषद को यदि पानी देना है, तो सभी अपार्टमेंट को देने चाहिए। कानून व नियम सब के लिए एक समान होने चाहिए। किसी एक अपार्टमेंट को नगर परिषद द्वारा पानी देना सही नहीं है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि नगर परिषद में कांग्रेस के पार्षद इसका विरोध क्यों नहीं कर रहे है, इसको लेकर उनसे बातचीत की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App